महाभारत द्रोण पर्व अध्याय 130 श्लोक 35-44

त्रिंशदधिकशतकम (130) अध्याय: द्रोण पर्व (जयद्रथवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: द्रोण पर्व: त्रिंशदधिकशतकम अध्याय: श्लोक 35-44 का हिन्दी अनुवाद

इसी प्रकार उत्तमौजा ने भी अत्यन्त कुपित हो अपने सुवर्ण भूषित बाणों द्वारा उसके सारथि को गहरी चोट पहुँचायी और उसे यमलोक भेज दिया। राजेन्द्र! तब दुर्योधन ने भी पांचालराज उत्तमौजा के चारों घोड़ों और दोनों पाश्वरक्षकों को सारथि सहित मार डाला। युद्ध में घोड़ों और सारथि के मारे जाने पर उत्तमौजा शीघ्रता पूर्वक अपने भाई युधामन्यु के रथ पर जा चढ़ा। भाई के रथ पर बैठकर उत्तमौजा ने अपने बहुसंख्यक बाणों द्वारा दुर्योधन के घोड़ों पर इतना प्रहार किया कि वे प्राणशून्य होकर धरती पर गिर पड़े। घोड़ों के धराशायी हो जाने पर युधामन्यु ने उस युद्ध स्थल में उत्तम बाण का प्रहार करके दुर्योधन के धनुष और तरकस को भी शीघ्रता पूर्वक काट गिराया।

घोड़े और सारथि के मारे जाने पर आपका पुत्र राजा दुर्योधन रथ से उतर पड़ा और गदा लेकर पाञ्चाल देश के उन वीरों की ओर दौड़ा। उस समय क्रोध में भरे हुए कुरुराज दुर्योधन को अपनी ओर आते देख दोनों भाई युधामन्यु और उत्तमौजा रथ के पिछले भाग से नीचे कूद गये। नरेश्वर! तदनन्तर अत्यन्त कुपित हुए गदाधारी दुर्योधन ने घोड़े, सारथि और ध्वज सहित उस सुवर्ण जटित सुन्दर रथ को गदा के आघात से चूर-चूर कर दिया। इस प्रकार उस रथ को तोड़-फोड़ कर घोड़ों और सारथि से हीन हुए शत्रुसंतापी दुर्योधन शीघ्र ही मद्रराज शल्य के रथ पर जा चढ़ा। तत्पश्चात पाञ्चाल सेना के वे दोनों प्रधान महारथी राजकुमार युधामन्यु और उत्तमौजा दूसरे दो रथों पर आरूढ़ होकर अर्जुन के समीप चले गये।

इस प्रकार श्रीमहाभारत द्रोणपर्व के अन्तर्गत जयद्रथ वध पर्व में दुर्योधन का युद्ध विषयक एक सौ तीसवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः