द्वितीय (2) अध्याय: आदि पर्व (पर्वसंग्रह पर्व)
महाभारत: आदि पर्व: द्वितीय अध्याय: श्लोक 193-214 का हिन्दी अनुवाद
इसी में दुर्वासा जी का उपाख्यान और जयद्रथ के द्वारा आश्रम से द्रौपदी के हरण की कथा भी कही गयी है। उस समय महाबली भयंकर भीमसेन ने वायुवेग से दौड़कर उसका पीछा किया था तथा जयद्रथ के सिर के सारे बाल मूँड़कर उसमें पाँच चोटियाँ रख दी थीं। वन पर्व में बड़े ही विस्तार के साथ रामायण का उपाख्यान है, जिसमें भगवान श्री रामचन्द्र जी ने युद्ध भूमि में अपने पराक्रम से रावण का वध किया है। इसके बाद ही सावित्री का उपाख्यान और इन्द्र के द्वारा कर्ण को कुण्डलों से वंचित कर देने की कथा है। इसी प्रसंग में इन्द्र ने प्रसन्न होकर कर्ण को एक शक्ति दी थी, जिससे कोई भी एक वीर मारा जा सकता था। इसके बाद है आरणेय उपाख्यान, जिसमें धर्मराज ने अपने पुत्र युधिष्ठिर को शिक्षा दी थी। और उनसे वरदान प्राप्त कर पाण्डवों ने पश्चिम दिशा की यात्रा की। यह तीसरे वनपर्व की सूची कही गयी। इस पर्व में गिनकर दो सौ उनहत्तर (269) अध्याय कहे गये हैं। ग्यारह हजार छः सौ चौंसठ (11664) श्लोक इस पर्व में हैं। इसके बाद विराट पर्व की विस्तृत सूची सुनो। पाण्डवों ने विराट नगर में जाकर श्मशान के पास एक विशाल शमी का वृक्ष देखा। उसी पर उन्होंने अपने सारे अस्त्र-शस्त्र रख दिये। तदनन्तर उन्होंने नगर में प्रवेश किया और छद्मवेश में वहाँ निवास करने लगे। कीचक स्वभाव से ही दुष्ट था। द्रौपदी को देखते ही उसका मन काम-बाण से घायल हो गया। वह द्रौपदी के पीछे पड़ गया। इसी अपराध में भीमसेन ने उसे मार डाला। यह कथा इसी पर्व में है। राजा दुर्योधन ने पाण्डवों का पता चलाने के लिये बहुत से निपुण गुप्तचर सब ओर भेजे। परंतु उन्हें महात्मा पाण्डवों की गतिविधि का कोई हाल-चाल न मिला। इन्हीं दिनों त्रिगर्तों ने राजा विराट की गौओं का प्रथम बार अपहरण कर लिया। राजा विराट ने त्रिगर्तों के साथ रोंगटे खड़े कर देने वाला घमासान युद्ध किया। त्रिगर्त विराट को पकड़कर लिये जा रहे थे, किंतु भीमसेन ने उन्हें छुड़ा लिया। साथ ही पाण्डवों ने उनके गोधन को भी त्रिगर्तों से छुड़ा लिया। इसके बाद ही कौरवों ने विराट नगर पर चढ़ाई करके उनकी उत्तर दिशा की गायों को लूटना प्रारम्भ कर दिया। इसी अवसर पर किरीटधारी अर्जुन ने अपना पराक्रम प्रकट करके संग्राम भूमि में सम्पूर्ण कौरवों को पराजित कर दिया और विराट के गोधन को लौटा लिया। (पाण्डवों के पहचाने जाने पर) राजा विराट ने अपनी पुत्री उत्तरा शत्रुघाती सुभद्रानन्दन अभिमन्यु से विवाह करने के लिये पुत्रवधू के रूप में अर्जुन को दे दी। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज