महाभारत स्त्री पर्व अध्याय 7 श्लोक 20-29

सप्तम (7) अध्याय: स्‍त्री पर्व (जलप्रदानिक पर्व)

Prev.png

महाभारत: स्‍त्री पर्व: सप्तम अध्याय: श्लोक 20-29 का हिन्दी अनुवाद

माननीय भारत! जिसकी तृष्णा बढ़ी हुई है, उसी को राज्‍य, सुहृद और पुत्रों का नाशरुपी यह महान दु:ख प्राप्‍त होता है। साधु पुरुष को चाहिये कि वह अपने मन को वश में करके ज्ञान रुपी महान औषधि प्राप्‍त करे, जो परम दुर्लभ है। उससे अपने बड़े-से-बड़े दु:खों की चिकित्‍सा करे। उस ज्ञान रुपी औषधि से दु:ख रुपी महान व्‍याधि का नाश कर डाले। पराक्रम, धन, मित्र और सुहृद भी उस तरह दु:ख से छुटकारा नहीं दिला सकते, जैसा ‍कि दृढ़तापूर्वक संयम में रहने वाला अपना मन ‍दिला सकता है। भरतनन्‍दन! इसलिये सर्वत्र मैत्री भाव रखते हुए शील प्राप्‍त करना चाहिये। दम, त्‍याग और अप्रमाद–ये तीन परमात्मा के धाम में ले जाने वाले घोड़े हैं। जो मनुष्य शीलरुपी लगाम को पकड़ कर इन तीनों घोड़ों से जुते हुए मन रुपी रथ पर सवार होता है, वह मृत्‍यु का भय छोड़कर ब्रह्मलोक में चला जाता है।

भूपाल! जो सम्पूर्ण प्राणियों को अभयदान देता है, वह भगवान विष्णु के अविनाशी परमधाम में चला जाता है। अभयदान से मनुष्य जिस फल को पाता है, वह उसे सहस्रों यज्ञ और नित्‍य प्रति उपवास करने से भी नहीं मिल सकता है। भारत! यह बात निश्चित रुप से कही जा सकती है कि प्राणियों को अपने आत्‍मा से अधिक प्रिय कोई भी वस्तु नहीं है; इसीलिये मरना किसी भी प्राणी को अच्‍छा नहीं लगता; अत: विद्वान पुरुष को सभी प्राणियों पर दया करनी चाहिये। जो मूढ़ नाना प्रकार के मोह में डूबे हुए हैं, जिन्‍हें बुद्धि के जाल ने बाँध रखा है और जिनकी दृष्टि स्थूल है, वे भिन्न-भिन्न योनियों में भटकते रहते हैं। राजन! महाप्राज्ञ! सूक्ष्मदर्शी ज्ञानीपुरुष सनातन ब्रह्म को प्राप्‍त होते हैं, ऐसा जानकर आप अपने मरे हुए सगे-सम्बन्धियों का और्ध्‍वदैहिक संस्कार कीजिये। इसी से आप को उत्तम फल की प्राप्ति होगी।

इस प्रकार श्रीमहाभारत स्त्रीपर्व के अन्‍तर्गत जलप्रदानिकपर्व में धृतराष्ट्र के शोक का निवारणविषयक सातवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः