महाभारत कर्ण पर्व अध्याय 82 श्लोक 29-36

द्वयशीतितम (82) अध्याय: कर्ण पर्व

Prev.png

महाभारत: कर्ण पर्व: द्वयशीतितम अध्याय: श्लोक 29-36 का हिन्दी अनुवाद

राजन! बहुत-से रथी, सवारों सहित हाथी, घोडे़ तथा पैदल सैनिक नाना प्रकार के अस्त्र-शस्त्रों से आच्छादित हो एक दूसरे से टकराकर लड़खड़ाने लगते, आर्तनाद करते और प्राणशून्य होकर गिर पड़ते थे। राजन! इस प्रकार जब वह भयंकर संग्राम चल रहा था, उसी समय राजा का छोटा भाई आपका पुत्र दुःशासन निर्भय हो बाणों की वर्षा करता हुआ भीमसेन पर चढ़ आया। उसे देखते ही भीमसेन भी बड़े उतावले होकर उसकी और दौडे़ और जिस प्रकार सिंह महारू नामक मृग पर आक्रमण करता है, उसी प्रकार उसके पास जा पहुँचे। उन दोनों के मन में एक दूसरे के प्रगति महान रोष भरा हुआ था। दोनों ही प्राणों की बाजी लगाकर अत्यन्त भयंकर युद्ध का जूआ खेल रहे थे। उन प्रचण्ड वीरों का वह संग्राम शम्बरासुर और इन्द्र के समान हो रहा था। शरीर को पीड़ा देने वाले अत्यन्त पैने बाणों द्वारा वे दोनों वीर एक दूसरे को गहरी चोट पहुँचाने लगे; मानो मेंथुन की इच्छावाली हथिनी के लिये कामासक्त चित्त होकर दो मदस्त्रावी गजराज परस्पर आघात करते हों।

सारथि सहित उन दोनों शूरवीरों ने जब वहाँ एक दूसरे को एक साथ देखा, तब भीम ने अपने सारथि से कहा-दुःशासन की ओर चलो और दुःशासन ने अपने सारथि से कहा- भीमसेन की ओर चलो। साथियों द्वारा एक साथ हाँके गये उन दोनों के रथ रणभूमि में दोनों के पास सहसा जा पहुँचे। वे दोनों ही रथ नाना प्रकार के आयुधों से सम्पन्न तथा विचित्र पताकाओं और ध्वजाओं से सुशोभित थे। जैसे पूर्वकाल में स्वर्ग के निमित्त होने वाले युद्ध में बलासुर और इन्द्र के रथ थे, उसी प्रकार दुःशासन और भीमसेन के भी थे। भीमसेन बोले- दुःशासन! बड़े सौभाग्य की बात है कि तू आज मुझे दिखायी दिया है। कौरव-सभा में द्रौपदी का स्पर्श करने के कारण दीर्घकाल से जो तेरा ऋण मेरे ऊपर चढ़ गया है, उसे में आज ब्याज और मूलसहित चुकाना चाहता हूँ। तू मुझसे वह सब ग्रहण कर।

संजय कहते हैं- राजन! भीमसेन के ऐसा कहने पर महामनस्वी वीर दुःशासन ने इस प्रकार कहा। दुःशासन बोला- भीमसेन! मुझे सब कुछ याद है। मैं भूलता नहीं हूँ। तुम मेरी कहीं हुई बात सुनो। मैं अपनी की हुई सारी बातों को चिरकाल से याद रखता हूँ। पहले तुम लोग लाक्षागृह में रात-दिन सशंक होकर निवास करते थे। फिर वहाँ से निकाले जाकर वन में सर्वत्र शिकार खेलते हुए रहने लगे। रात-दिन महान भय में डूबे रहकर तुम चिन्ता में पड़े रहते और सुख एवं उपभोग से वंचित हो जंगलो तथा पर्वत की कन्दराओं में घूमते थे। इसी अवस्था में तुम सब लोग एक दिन पांचालराज के नगर में जा घुसे। वहाँ तुम लोगों ने किसी माया में प्रविष्ट होकर अपने स्वरूप को छिपा लिया था; इसलिये द्रौपदी ने तुम लोगों से अर्जुन का वरण कर लिया। परंतु तुम सब पापियों ने मिलकर उसके साथ वह नीचों का -सा बर्ताव किया, जो तुम्हारी माता की करनी के अनुरूप था। द्रौपदी ने तो एक हीं का वरण किया, परंतु तुम पांचों ने उसे अपनी पत्नी बनाया और इस कार्य में तुम्हें एक दूसरे से तनिक भी लज्जा नहीं हुई। मुझे यह भी याद है कि कौरव सभा में शकुनि ने द्रौपदी सहित तुम सब लोगों को दास बना लिया था।

संजय कहते हैं- राजन! आपके पुत्र के ऐसा कहने पर पाण्डुकुमार भीमसेन क्रोध के वशीभूत हो गये। वृकोदर ने बड़ी उतावली के साथ दो क्षुरों के द्वारा आपके पुत्र दुःशासन के धनुष और ध्वज को काट दिया, एक बाण से उसके ललाट में घाव कर दिया और दूसरे से उसके सारथि का मस्तक भी धड़ से अलग कर दिया। तब राजकुमार दुःशासन भी दूसरा धनुष लेकर भीमसेन को बारह बाणों से बींध डाला और स्वयं ही घोड़ों को काबू में रखते हुए उसने पुनः उनके ऊपर सीधे जाने वाले बाणों की झड़ी लगा दी। इसके बाद दुःशासन ने सूर्य की किरणों के समान कांतिमान, सुवर्ण और हीरे आदि उत्तम रत्नों से विभूषित तथा देवराज इन्द्र के वज्र एवं विद्युत-पात के समान दुःसह एक ऐसा भयंकर बाण छोड़ा, जो भीमसेन के अंगों को विदीर्ण कर देने में समर्थ था। उससे भीमसेन का शरीर छिद गया। वे बहुत शिथिल हो गये और प्राणहीन के समान दोनों बाँहें फैलाकर अपने श्रेष्ठ रथ पर लुढ़क गये। फिर थोडी ही देर में होश में आकर भीमसेन सिंह के समान दहाड़ने लगे।

इस प्रकार श्रीमहाभारत कर्णपर्व में दुःशासन और भीमसेन युद्धविषयक बयसीवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः