पंचदश (15) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)
महाभारत: शान्ति पर्व: पंचदश अध्याय: श्लोक 18-34 का हिन्दी अनुवाद
जल में बहुतेरे जीव हैं, पृथ्वी पर तथा वृक्ष के फलों में भी बहुत-से कीड़े होते हैं। कोई भी ऐसा मनुष्य नहीं है, जो इनमें से किसी को कभी न मारता हो। यह सब जीवन-निर्वाह के सिवा और क्या है? कितने ही ऐसे सूक्ष्म योनि के जीव है, जो अनुमान से ही जाने जाते हैं। मनुष्य की पलकों के गिरने मात्र से जिनके कंधे टूट जाते हैं (ऐसे जीवों की हिंसा से कोई कहा तक बच सकता है?)। कितने ही मुनि क्रोध और ईर्ष्या से रहित हो गाँव से निकलकर वन में चले जाते हैं और वहीं मोहवश गृहस्थ धर्म में अनुरक्त दिखायी देते हैं। मनुष्य धरती को खोदकर तथा औषधियों; वृक्षों, लताओं, पक्षियों और पशुओं का उच्छेद करके यज्ञ का अनुष्ठान करते हैं और वे स्वर्ग में भी चले जाते हैं। कुन्तीनन्दन! दण्ड नीति का ठीक-ठीक प्रयोग होने पर समस्त प्राणियों के सभी कार्य अच्छी तरह सिद्ध होते हैं, इसमें मुझे संशय नहीं है। यदि संसार में दण्ड न रहे तो यह सारी प्रजा नष्ट हो जाय और जैसे जल में बड़े मत्स्य छोटी मछलियों को खा जाते हैं, उसी प्रकार प्रबल जीव दुर्बल जीवों को अपना आहार बना लें। ब्रह्मा जी ने पहले ही इस सत्य को बता दिया है कि अच्छी तरह प्रयोग में लाया हुआ दण्ड प्रजाजनों की रक्षा करता है। देखो, जब आग बुझने लगती है, तब वह फूक की फटकार पड़ने पर डर जाती और दण्ड के भय से फिर प्रज्वलित हो उठती है। यदि संसार में भले-बुरे का विभाग करने वाला दण्ड न हो तो सब जगह अंधेर मच जाय और किसी को कुछ सूझ न पड़े। जो धर्म की मर्यादा नष्ट करके वेदों की निन्दा करने वाले नास्तिक मनुष्य हैं, वे भी डंडे पड़ने पर उससे पीड़ित हो शीघ्र ही राह पर आ जाते हैं। मर्यादा-पालन के लिये तैयार हो जाते हैं। सारा जगत् दण्ड से विवश होकर ही रास्ते पर रहता है; क्योंकि स्वभावतः सर्वथा शुद्ध मनुष्य मिलना कठिन है। दण्ड के भय से डरा हुआ मनुष्य ही मर्यादा-पालन में प्रवृत्त होता है। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज