षट्त्रिंश (36) अध्याय: शल्य पर्व (गदा पर्व)
महाभारत: शल्य पर्व: षट्त्रिंश अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद
वैशम्पायन जी ने कहा- राजन! पहले युग में तीन सहोदर भाई रहते थे। वे तीनों ही मुनि थे। उनके नाम थे एकत, द्वित और त्रित। वे सभी महर्षि सूर्य के समान तेजस्वी, प्रजापति के समान संतानवान और ब्रह्मवादी थे। उन्होंने तपस्या द्वारा ब्रह्मलोक पर विजय प्राप्त की थी। उनकी तपस्या, नियम और इन्द्रियनिग्रह से उनके धर्म परायण पिता गौतम सदा ही प्रसन्न रहा करते थे। उन पुत्रों की त्याग तपस्या से संतुष्ट रहते हुए वे पूजनीय महात्मा गौतम दीर्घकाल के पश्चात अपने अनुरूप स्थान (स्वर्ग लोक) में चले गये। राजन! उन महात्मा गौतम के यजमान जो राजा लोग थे, वे सब उनके स्वर्गवासी हो जाने पर उनके पुत्रों का ही आदर-सत्कार करने लगे। नरेश्वर! उन तीनों में भी अपने शुभ कर्म और स्वाध्याय के द्वारा महर्षि त्रित ने सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। जैसे उनके पिता सम्मानित थे, वैसे ही वे भी हो गये। महान सौभाग्यशाली और पुण्यात्मा सभी महर्षि भी महाभाग त्रित का उनके पिता के तुल्य ही सम्मान करते थे। राजन! एक दिन की बात है, उनके दोनों भाई एकत और द्वित यज्ञ और धन के लिये चिन्ता करने लगे। शत्रुओं को संताप देने वाले नरेश! उनके मन में यह विचार उत्पन्न हुआ कि हम लोग त्रित को साथ लेकर यजमानों का यज्ञ करावें और दक्षिणा के रूप में बहुत से पशु प्राप्त करके महान फलदायक यज्ञ का अनुष्ठान करें और उसी में प्रसन्नतापूर्वक सोमरस का पान करें। राजन! ऐसा विचार करके उन तीनों भाइयों ने वही किया। वे सभी यजमानों के यहाँ पशुओं की प्राप्ति के उद्देश्य से गये और उनसे विधिपूर्वक यज्ञ करवा कर उस याज्य कर्म के द्वारा उन्होंने बहुतेरे पशु प्राप्त कर लिये। तत्पश्चात वे महात्मा महर्षि पूर्व दिशा की ओर चल दिये। महाराज! उनमें त्रित मुनि तो प्रसन्नतापूर्वक आगे-आगे चलते थे और एकत तथा द्वित पीछे रहकर पशुओं को हांकते जाते थे। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज