सप्तषष्टितम (67) अध्याय: आदि पर्व (सम्भव पर्व)
महाभारत: आदि पर्व: सप्तषष्टितम अध्याय: श्लोक 41-68 का हिन्दी अनुवाद
उन कालेयों में से जो दूसरा इन्द्र के समान श्रीसम्पन्न था, वही अपराजित नामक राजा हुआ। तीसरा जो महान तेजस्वी और महामायावी महादैत्य था, वह इस पृथ्वी पर भयंकर पराक्रमी निषाद नरेश के रूप में उत्पन्न हुआ। कालेयों में से ही एक जो चौथा बताया गया है, वह इस भूमण्डल में राजर्षिप्रवर श्रेणिमान के नाम से विख्यात हुआ। कालेयों में पांचवा श्रेष्ठ महादैत्य था, वही इस लोक में शत्रुतापन महौजा के नाम से विख्यात हुआ। उन कालेयों में जो छठा असुर था वह भूमण्डल में राजर्षि शिरोमणि अभीरू के नाम से प्रसिद्ध हुआ। उन्हीं में से सातवां असुर राजा समुद्रसेन हुआ जो समुद्र पर्यन्त पृथ्वी पर सब ओर विख्यात और धर्म एवं अर्थ तत्त्व का ज्ञाता था। राजन! कालेयों में जो आठवां था, वह वृहत् नाम से प्रसिद्ध सर्वभूतहितकारी धर्मात्मा राजा हुआ। महराज! दानवों में कुक्षिनाम से प्रसिद्ध जो महाबली राजा था, वह पार्वतीय नामक राजा हुआ; जो मेरुगिरी के समान तेजस्वी एवं विशाल था। महापराक्रमी क्रथन नामक जो श्रीसम्पन्न महान असुर था, वह भूमण्डल में पृथ्वीपति राजा सूर्याक्ष नाम से उत्पन्न हुआ। असुरों में जो सूर्य नामक श्रीसम्पन्न महान असुर था, वह पृथ्वी पर सब राजाओं में श्रेष्ठ दरद नामक बाह्लीकराज हुआ। राजन! क्रोधवश नामक जिन असुरगणों का तुम्हें परिचय दिया है, उन्हीं में से कुछ लोग इस पृथ्वी पर निम्नांकित वीर राजाओं के रूप में उत्पन्न हुए। मद्रक, कर्णवेष्ट, सिद्वार्थ, कीटक, सुवीर, सुबाहु, महाबीर, बाह्लिक, क्रथ, विचित्र, सुरथ, श्रीमान् नील नेरश, चैरवासा, भूमिपाल, दन्तवक्त्र , दानव दुर्जय, नृपश्रेष्ठ रुक्मी, राजा जनमेजय, आषाढ, वायुवेग, भूरितेजा, एकलव्य, सुमित्र, बाटधान, गोमुख, करूषदेश के अनेक राजा, क्षेमधूर्ति, श्रुतायु, उदूह, बृहत्सेन, क्षेम, उग्रतीर्थ, कलिंग नरेश कुहर तथा परम बुद्धिमान् मनुष्यों का राजा ईश्वर। इतने राजाओं का समुदाय पहले इस पृथ्वी पर क्रोधवश नामक दैत्यगण से उत्पन्न हुआ था। ये सब राजा परम सौभाग्यशाली, महान् यशस्वी और अत्यन्त बलशाली थे। दानवों में जो महाबली कालनेमि था, वही राजा उग्रसेन के पुत्र बलवान कंस के नाम से विख्यात हुआ। इन्द्र के समान कान्तिमान् राजा देवक के रूप में इस पृथ्वी पर श्रेष्ठ गन्धर्वराज ही उत्पन्न हुआ था। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज