गर्ग संहिता
अश्वमेध खण्ड : अध्याय 15
मानद नरेश ! उसका धनुष भी कट गया, तब उस रथहीन राजकुमार ने गदा उठाकर क्रुद्ध हो युद्ध स्थल में बड़े वेग से साम्ब पर धावा किया। उसी समय साम्ब भी सहसा रथ से उतर कर गदा लिए नील ध्वज का सामना करने के लिए रोष पूर्वक आगे बढ़े। साम्ब को आया देख राजकुमार ने उन पर गदा से चोट की, परंतु फूल की माला से चोट करने पर जैसे हाथी विचलित नहीं होता उसी प्रकार साम्ब उस प्रहार से विचलित न हो सके। तदनन्तर साम्ब ने अपनी गदा से राजकुमार पर आघात किया। उनके उस प्रहार से राजकुमार रण भूमि में गिर पड़ा और मूर्च्छित हो गया। फिर तो उसके सैनिक हाहाकर करते हुए भाग चले। तब अत्यंत क्रोध से भरे हुए राजा इंद्रनील स्वयं युद्ध के लिए आए। उनके साथ दो अक्षौहिणी सेना थी और वे अपने धनुष से बाणों की वर्षा कर रहे थे। उन्हें आया देख बलवान धनुर्धर वीर श्रीकृष्णकुमार मधु ने अपने बाणों की मार से इंद्रनील को रथ हीन कर दिया। साथ ही अर्जुन के प्रिय शिष्य युयुदान सात्यकि ने समरांगण में आई हुई इंद्रनील की सेना को अपने बाणों द्वारा उसी प्रकार क्षत–विक्षत कर दिया जैसे किसी ने कटु वचनों से मित्रता को छिन्न–भिन्न कर दिया हो। तदनन्तर यादवों के छोड़ देने पर राजा इंद्रनील माहिष्मती पुरी को लौट गए। वे दु:ख से व्याकुल हो रहे थे। उन्होंने पुरी में पहुँच कर अपने स्वामी भगवान शिव का स्मरण किया। तब भगवान शिव ने उन्हें परम उत्तम साक्षात दर्शन देकर उनसे सारा वृत्तांत पूछा। शिवजी की बात सुन कर राजा ने उनके समक्ष सारा वृत्तांत निवेदन किया। इस प्रकार इंद्रनील का कथन सुन कर प्रमथों के स्वामी भगवान शिव बोले। शिव ने कहा– राजेंद्र ! तुम शोक न करो। मेरा वरदान भी मिथ्या नहीं होगा। देवता, दैत्य और मनुष्य सब मिल कर भी तुम्हें जीतने में समर्थ नहीं हैं। महाराज ! ये जो श्रीकृष्ण के पुत्र हैं, ये उन्हीं के अंश से उत्पन्न हुए हैं। ये न तो देवता हैं, न दैत्य हैं और न ही मनुष्य ही हैं। नरेश्वर ! इनसे पराजित होने के कारण तुम मन में दु:खी न होओ। भूपाल ! तुम्हें श्री कृष्ण का अपराध नहीं करना चाहिए। राजन् ! इसलिए तुम शीघ्र ही विधिपूर्वक इन समागत यादव वीरों को अश्वमेध का घोड़ा लौटा दो, इससे तुम्हारा भला होगा। ऐसा कहकर भगवान रुद्र अदृश्य हो गए। उनके मुख से जगदीश्वर भगवान श्रीकृष्ण का माहात्म्य जान कर राजा को बड़ी प्रसन्नता हुई। वे यज्ञ का घोड़ा बहुत–से रत्न, सौ भार सुवर्ण, एक हजार मतवाले हाथी, एक लाख घोड़े और दस हजार रथ लेकर नीलध्वज के साथ जहाँ अनिरुद्ध थे, वहाँ उन्हें नमस्कार करने के लिए गए। राजा के साथ और भी बहुत से लोग थे। अनिरुद्ध के निकट जाकर राजा ने विधिपूर्वक सारी वस्तुएँ निवेदित कीं और प्रणाम करके इस प्रकार कहा। इंद्रनील बोले– श्रीकृष्ण, बलराम और महात्मा प्रद्युम्न को मेरा नमस्कार है। यदुकुल तिलक अनिरुद्ध को बारंबार नमस्कार है। दैत्यसूदन ! मुझे आज्ञा दीजिए, मैं आपकी क्या सेवा करूं। तब अनिरुद्ध ने उनसे कहा- नृपश्रेष्ठ ! आप मेरे साथ रह कर मेरे इस अश्व को एक मित्र का अश्व मानकर शत्रुओं के हाथ से इसकी रक्षा कीजिए। श्रीगर्गजी कहते हैं– नरेश्वर ! अनिरुद्ध की यह बात सुनकर राजा ने बहुत अच्छा कह कर उनकी बात मान ली और नीलध्वज को राज्य देकर स्वयं यादव सेना के साथ जाने का निश्चय किया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रम संख्या | विषय | पृष्ठ संख्या |