श्रीमद्भागवत महापुराण दशम स्कन्ध अध्याय 81 श्लोक 31-41

दशम स्कन्ध: एकशीतितम अध्याय (पूर्वार्ध)

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: दशम स्कन्ध: एकशीतितम अध्याय श्लोक 31-41 का हिन्दी अनुवाद


स्फटिक मणि की स्वच्छ भीतों पर पन्ने की पच्चीकारी की हुई थी। रत्ननिर्मित स्त्रीमूर्तियों के हाथों में रत्नों के दीपक जगमगा रहे थे। इस प्रकार समस्त सम्पत्तियों की समृद्धि देखकर और उसका कोई प्रत्यक्ष कारण न पाकर, बड़ी गम्भीरता से ब्राह्मण देवता विचार करने लगे कि मेरे पास इतनी सम्पत्ति कहाँ से आ गयी। वे मन-ही-मन कहने लगे- ‘मैं जन्म से ही भाग्यहीन और दरिद्र हूँ। फिर मेरी इस सम्पत्ति-समृद्धि का कारण क्या है? अवश्य ही परमैश्वर्यशाली यदुवंशशिरोमणि भगवान श्रीकृष्ण के कृपाकटाक्ष के अतिरिक्त और कोई कारण नहीं हो सकता। यह सब कुछ उनकी करुणा की ही देन है। स्वयं भगवान श्रीकृष्ण पूर्णकाम और लक्ष्मीपति होने के कारण अत्यन्त भोग-विलास सामग्रियों से युक्त हैं। इसलिये वे याचक भक्त को उसके मन का भाव जानकर बहुत कुछ दे देते हैं, परन्तु उसे समझते हैं बहुत थोड़ा; इसलिये सामने कुछ कहते नहीं।

मेरे यदुवंशशिरोमणि सखा श्यामसुन्दर सचमुच उस मेघ से भी बढ़कर उदार हैं, जो समुद्र को भर देने की शक्ति रखने पर भी किसान के सामने न बरसकर उसके सो जाने पर रात में बरसता है और बहुत बरसने पर भी थोड़ा ही समझता है। मेरे प्यारे सखा श्रीकृष्ण देते हैं बहुत, पर उसे मानते हैं बहुत थोड़ा और उनका प्रेमी भक्त यदि उनके लिये कुछ भी कर दे, तो वे उसको बहुत मान लेते हैं। देखो तो सही! मैंने उन्हें केवल एक मुट्ठी चिउड़ा भेंट किया था, पर उदारशिरोमणि श्रीकृष्ण ने उसे कितने प्रेम से स्वीकार किया। मुझे जन्म-जन्म उन्हीं का प्रेम, उन्हीं की हितैषिता, उन्हीं की मित्रता और उन्हीं की सेवा प्राप्त हो। मुझे सम्पत्ति की आवश्यकता नहीं, सदा-सर्वदा उन्हीं गुणों के एकमात्र निवासस्थान महानुभाव भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में मेरा अनुराग बढ़ता जाये और उन्हीं के प्रेमी भक्तों का सत्संग प्राप्त हो। अजन्मा भगवान श्रीकृष्ण सम्पत्ति आदि के दोष जानते हैं। वे देखते हैं कि बड़े-बड़े धनिकों का धन और ऐश्वर्य के मद से पतन हो जाता है। इसलिये वे अपने अदूरदर्शी भक्त को उसके माँगते रहने पर भी तरह-तरह की सम्पत्ति, राज्य और ऐश्वर्य आदि नहीं देते। यह उनकी बड़ी कृपा है’।

परीक्षित! अपनी बुद्धि से इस प्रकार निश्चय करके वे ब्राह्मण देवता त्यागपूर्वक अनासक्त भाव से अपनी पत्नी के साथ भगवत्प्रसादस्वरूप विषयों को ग्रहण करने लगे और दिनों दिन उनकी प्रेम-भक्ति बढ़ने लगी।

प्रिय परीक्षित! देवताओं के भी आराध्यदेव भक्त-भयहारी यज्ञपति सर्वशक्तिमान् भगवान स्वयं ब्राह्मणों को अपना प्रभु, अपना इष्टदेव मानते हैं। इसलिये ब्राह्मणों से बढ़कर और कोई भी प्राणी जगत् में नहीं है। इस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण के प्यारे सखा उस ब्राह्मण ने देखा कि ‘यद्यपि भगवान अजित हैं, किसी के अधीन नहीं हैं; फिर भी वे अपने सेवकों के अधीन हो जाते हैं, उनसे पराजित हो जाते हैं। अब वे उन्हीं के ध्यान में तन्मय हो गये। ध्यान के आवेग से उनकी अविद्या की गाँठ कट गयी और उन्होंने थोड़े ही समय में भगवान का धाम, जो कि संतों का एकमात्र आश्रय है, प्राप्त किया।

परीक्षित! ब्राह्मणों को अपना इष्टदेव मानने वाले भगवान श्रीकृष्ण की इस ब्राह्मण भक्ति को जो सुनता है, उसे भगवान के चरणों में प्रेमभाव प्राप्त हो जाता है और वह कर्मबन्धन से मुक्त हो जाता है।

Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः