श्रीमद्भागवत महापुराण दशम स्कन्ध अध्याय 17 श्लोक 1-13

दशम स्कन्ध: सप्तदश अध्याय (पूर्वार्ध)

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: दशम स्कन्ध: सप्तदश अध्याय: श्लोक 1-13 का हिन्दी अनुवाद
कालिय के कालिय दह में आने की कथा तथा भगवान का व्रजवासियों को दावानल से बचाना

राजा परीक्षित ने पूछा - भगवन! कालिय नाग ने नागों के निवास स्थान रमणक द्वीप को क्यों छोड़ा था? और उस अकेले ने ही गरुड़ जी का कौन-सा अपराध किया था?

श्री शुकदेव जी ने कहा - परीक्षित! पूर्वकाल में गरुड़ जी को उपहार स्वरूप प्राप्त होने वाले सर्पों ने यह नियम कर लिया था कि प्रत्येक मास में निर्दिष्ट वृक्ष के नीचे गरुड़ को एक सर्प की भेंट दी जाय।

इस नियम के अनुसार प्रत्येक अमावस्या को सारे सर्प अपनी रक्षा के लिये महात्मा गरुड़ जी को अपना-अपना भाग देते रहते थे।[1] उन सर्पों में कद्रू का पुत्र कालिय नाग अपने विष और बल के घमण्ड से मतवाला हो रहा था। उसने गरुड़ का तिरस्कार करके स्वयं तो बलि देना दूर रहा - दूसरे साँप जो गरुड़ को बलि देते, उसे भी खा लेता।

परीक्षित! यह सुनकर भगवान के प्यारे पार्षद शक्तिशाली गरुड़ को बड़ा क्रोध आया। इसलिये उन्होंने कालिय नाग को मार डालने के विचार से बड़े वेग से उस पर आक्रमण किया। विषधर कालिय नाग ने जब देखा कि गरुड़ बड़े वेग से मुझ पर आक्रमण करने आ रहे हैं, तब वह अपने एक सौ एक फण फैलाकर डसने के लिए उनपर टूट पड़ा। उसके पास शस्त्र थे केवल दाँत, इसलिये अपने दाँतों से गरुड़ को डस लिया। उस समय वह अपनी भयावनी जीभें लपलपा रहा था, उसकी साँस लंबी चल रही थी और आँखें बड़ी डरावनी जान पड़ती थीं।

ताक्षर्यनन्दन गरुड़ जी विष्णु भगवान के वाहन हैं और उनका वेग तथा पराक्रम भी अतुलनीय है। कालिय नाग की यह ढिठाई देखकर उनका क्रोध और भी बढ़ गया तथा उन्होंने अपने शरीर से झटककर फ़ेंक दिया एवं अपने सुनहले बायें पंख से कालिय नाग पर बड़े जोर से प्रहार किया। उनके पंख की चोट से कालिय नाग घायल हो गया। वह घबड़ाकर वहाँ से भगा और यमुना जी के इस कुण्ड में चला आया।

यमुना जी का यह कुण्ड गरुड़ के लिये अगम्य था। साथ ही वह इतना गहरा था कि उसमें दूसरे लोग भी नहीं जा सकते थे। इसी स्थान पर एक दिन क्षुधातुर गरुड़ ने तपस्वी सौभरि के मना करने पर भी अपने अभीष्ट भक्ष्य मत्स्य को बलपूर्वक पकड़कर खा लिया। अपने मुखिया मत्स्यराज के मारे जाने के कारण मछलियों को बड़ा कष्ट हुआ। वे अत्यन्त दीन और व्याकुल हो गयीं। उनकी यह दशा देखकर महर्षि सौभरि को बड़ी दया आयी। उन्होंने उस कुण्ड में रहने-वाले सब जीवों की भलाई के लिये गरुड़ को यह शाप दे दिया। ‘यदि गरुड़ फिर कभी इस कुण्ड में घुसकर मछलियों को खायेंगे, तो उसी क्षण प्राणों से हाथ धो बैठेंगे। मैं यह सत्य-सत्य कहता हूँ।'

परीक्षित! महर्षि सौभरि के इस शाप की बात कालिय नाग के सिवा और कोई साँप नहीं जानता था। इसलिये वह गरुड़ के भय से वहाँ रहने लगा था और अब भगवान श्रीकृष्ण ने उसे निर्भय करके वहाँ से रमण द्वीप में भेज दिया।

परीक्षित! इधर भगवान श्रीकृष्ण दिव्य माला, गन्ध, वस्त्र, महामूल्य मणि और सुवर्णमय आभूषणों से विभूषित हो उस कुण्ड से बाहर निकले।


Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. यह कथा इस प्रकार है - गरुड़ जी की माता विनता और सर्पों की माता कद्रू में परस्पर वैर था। माता का वैर स्मरण कर गरुड़ जी जो सर्प मिलता उसी को खा जाते। इससे व्याकुल होकर सब सर्प ब्रह्मा जी शरण में गये। तब ब्रह्मा जी ने यह नियम कर दिया कि प्रत्येक अमावस्या को प्रत्येक सर्प परिवार बारी-बारी से गरुड़ जी को एक सर्प की बलि दिया करे।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः