श्रीमद्भागवत महापुराण द्वादश स्कन्ध अध्याय 6 श्लोक 46-63

द्वादश स्कन्ध: षष्ठ अध्याय

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: द्वादश स्कन्ध: षष्ठ अध्याय: श्लोक 46-63 का हिन्दी अनुवाद


तदनन्तर, उन्हीं लोगों के नैष्ठिक ब्रह्मचारी शिष्य-प्रशिष्यों के द्वारा चारों युगों में सम्प्रदाय के रूप में वेदों की रक्षा होती रही। द्वापर के अन्त में महर्षियों ने उनका विभाजन भी किया। जब ब्रह्मवेत्ता ऋषियों ने देखा कि समय के फेर से लोगों की आयु, शक्ति और बुद्धि क्षीण हो गयी है, तब उन्होंने अपने हृदय-देश में विराजमान परमात्मा की प्रेरणा से वेदों के अनेकों विभाग कर दिये।

शौनक जी! इस वैवस्वत मन्वन्तर में भी ब्रह्मा-शंकर आदि लोकपालों की प्रार्थना से अखिल विश्व के जीवन दाता भगवान ने धर्म की रक्षा के लिये महर्षि पराशर द्वारा सत्यवती के गर्भ से अपने अंशांश-कलास्वरूप व्यास के रूप में अवतार ग्रहण किया है। परम भाग्यवान् शौनक जी! उन्होंने ही वर्तमान युग में वेद के चार विभाग किये हैं। जैसे मणियों के समूह में से विभिन्न जाति की मणियाँ छाँटकर अलग-अलग कर दी जाती हैं, वैसे ही महामति भगवान व्यासदेव ने मन्त्र-समुदाय में से भिन्न-भिन्न प्रकरणों के अनुसार मन्त्रों का संग्रह करके उनसे ऋग्, यजु:, साम और अथर्व-ये चार सहिंताएँ बनायीं और अपने चार शिष्यों को बुलाकर प्रत्येक को एक-एक संहिता की शिक्षा दी। उन्होंने ‘बह्वृच’ नाम की पहली ऋक्संहिता पैल को, ‘निगद’ नाम की दूसरी यजुःसंहिता वैशम्पायन को, सामश्रुतियों की ‘छन्दोग-सहिंता’ जैमिनि को और अपने शिष्य सुमन्तु को ‘अथर्वांगिरससंहिता’ का अध्ययन कराया।

शौनक जी! पैल मुनि ने अपनी संहिता के दो विभाग करके एक का अध्ययन इन्द्र प्रमिति को और दूसरे का बाष्कल को कराया। बाष्कल ने भी अपनी शाखा के चार विभाग करके उन्हें अलग-अलग अपने शिष्य बोध, याज्ञवल्क्य, पराशर और अग्निमित्र को पढ़ाया। परमसंयमी इन्द्र-प्रमिति ने प्रतिभाशाली माण्डूकेय ऋषि को अपनी संहिता का अध्ययन कराया। माण्डूकेय के शिष्य थे-देवमित्र। उन्होंने सौभरि आदि ऋषियों को वेदों का अध्ययन कराया। माण्डूकेय के पुत्र का नाम था शाकल्य। उन्होंने अपनी संहिता के पाँच विभाग करके उन्हें वात्स्य, मुद्गल, शालीय, गोखल्य और शिशिर नामक शिष्यों को पढ़ाया। शाकल्य के एक और शिष्य थे-जातूक कर्ण्य मुनि। उन्होंने अपनी संहिता के तीन विभाग करके तत्सम्बन्धी निरुक्त के साथ अपने शिष्य बलाक, पैज, बैताल और विरज को पढ़ाया। बाष्कल के पुत्र बाष्कलि ने सब शाखाओं से एक ‘वालखिल्य’ नाम की शाखा रची। उसे बालायनि, भज्य एवं कासार ने ग्रहण किया। इन ब्रह्मर्षियों ने पूर्वोक्त सम्प्रदाय के अनुसार ऋग्वेद सम्बन्धी बह्‌वृच शाखाओं को धारण किया। जो मनुष्य यह वेदों के विभाजन का इतिहास श्रवण करता है, वह सब पापों से छूट जाता है।

शौनक जी! वैशम्पायन के कुछ शिष्यों का नाम था चरकाध्वर्यु। इन लोगों ने अपने गुरुदेव के ब्रह्महत्या-जनित पाप का प्रायश्चित् करने के लिये एक व्रत का अनुष्ठान किया। इसीलिये इनका नाम ‘चरकाध्वर्यु’ पड़ा। वैशम्पायन के एक शिष्य याज्ञवल्क्य मुनि भी थे। उन्होंने अपने गुरुदेव से कहा- ‘अहो भगवन्! ये चरकाध्वर्यु ब्राह्मण तो बहुत ही थोड़ी शक्ति रखते हैं। इनके व्रत पालन से लाभ ही कितना है? मैं आपके प्रायश्चित के लिये बहुत ही कठिन तपस्या करूँगा’। याज्ञवल्क्य मुनि की यह बात सुनकर वैशम्पायन मुनि को क्रोध आ गया। उन्होंने कहा- ‘बस-बस’, चुप रहो। तुम्हारे-जैसे ब्राह्मणों का अपमान करने वाले शिष्य की मुझे कोई आवश्यकता नहीं है। देखो, अब तक तुमने मुझसे जो कुछ अध्ययन किया है, उसका शीघ्र-से-शीघ्र त्याग कर दो और यहाँ से चले जाओ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः