पार्थ सारथि -सुदर्शन सिंह 'चक्र'
90. शूरभक्त सुधन्वा
सुधन्वा ने साग्रह पहिेले शंख को निकाला और फिर स्वयं निकले। शंख हाथ पकड़कर सुधन्वा को राजा के समीप ले गये। सब लोग जय-ध्वनि कर रहे थे। महाराज हंसध्वज ने पुत्र को हृदय से लगाकर गद्गद स्वर में कहा- 'पुत्र ! मुझे विश्वास हो गया कि तुम्हारी भक्ति श्रीकृष्ण को यहाँ आने को अवश्य बाध्य कर देगी। तुम हमारे प्रधान-सेनापति। अब ऐसा करो कि पाथ प्राण-संकट में पड़कर अपने सखा को पुकारने के लिए विवश हो जायँ।' सुधन्वा ने पिता को प्रणाम करके कवच धारण किया। वे रथारूढ़ हुए और शंख ध्वनि की उन्होंने। चम्पकपुरी की पूरी सेना उनके साथ हो गयी। अर्जुन को आशा नहीं थी कि उनके सम्मुख कोई अल्पवयस्क बालक युद्ध करने आवेगा। सुधन्वा को देखकर उन्होंने कहा- 'बच्चे ! अभी तो तुम खेलने योग्य हो। युद्ध ही करना है तो किसी वीर को आगे करो। तुम नगर में चले जाओं। मैं बच्चों का वध नहीं करता।' सुधन्वा ने कहा- 'आप भूल ही गये कि आपके बाल पुत्र वभ्रुवाहन ने आपको मार ही दिया था। वीरों की आयु नहीं देखी जाती, यह भी आपको स्मरण नहीं।' अर्जुन समझते थे कि इस पर्वतीय सुन्दर युवक को दो-चार बाण लगेंगे तो यह भाग जायगा। वे उपेक्षापूर्वक ही युद्ध में प्रवृत हुए; किन्तु शीध्र समझ गये कि पूरी सावधानी यदि उन्होंने नहीं रखी तो यहाँ उलटे उन्हीं को पराजित होना पड़ेगा। चम्पकपुरी के लोग प्राण पर खेलकर लड़ रहे थे। कृतवर्मा, सात्यकि प्रद्युम्न आदि में से कोई अवसर नहीं पा सका कि वह अर्जुन की सहायता को आगे बढ़ सके और सचमुच सुधन्वा की बाण-वृष्टि ने गाण्डीव-धन्वा को संकट की स्थिति में शीध्र पहुँचा दिया। उनके दिव्यास्त्रों का भी प्रयोग उनके किसी काम नहीं आ सका। धर्मयुद्ध का एक नियम है। भले प्राण-संकट उपस्थित हो; किन्तु प्रतिपक्षी को जिस दिव्यास्त्र का ज्ञान नहीं है, उसका उपयोग नहीं किया जायगा। अर्जुन ने पूरे महाभारत युद्ध में पाशुपतास्त्र का उपयोग नहीं किया था। इस समय भी वे ब्रह्मास्त्र अथवा अन्य किसी असाधारण दिव्यास्त्र का उपयोग नहीं कर सकते थे। उन्हें साधारण बाणों से ही युद्ध करना था। उनके जैसे प्रसिद्ध धनुर्धर के लिए यही लज्जा की बात थी कि एक साधारण पर्वतीय युवक साधारण बाणों से उनके साथ युद्ध कर रहा था और वे उसे पराजित नहीं कर पा रहे थे। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रम संख्या | पाठ का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज