विषय सूची
महाभारत कथा -अमृतलाल नागर
विराट नगर में पाण्डव
जब वे लोग बांध रहे थे, तब मशान के पास रहने वाले कुछ आदिवासी लोग अचानक उधर आ गये। उन्हें आते देखकर पाण्डवों ने झटपट रोने और विलाप करने का ढोंग आरम्भ कर दिया। उन्होंने उन लोगों को यह बतलाया कि हमारी बुढ़िया मां मर गई है और अपने रिवाज़ के अनुसार हम उसका शव पेड़ पर बांध रहे हैं। भोले-भाले जंगलियों ने पाण्डवों की बात को सच माना और उन लोगों के प्रति सहानुभूति प्रकट की और आगे बढ़ गये। पाण्डवों ने वह रात इस भयानक मशान में ही सोकर बिताई। सवेरे उठकर वे लोग नहाये-धोये पूजा-पाठ किया और उसके बाद युधिष्ठिर बोले- "अब मैं राजा विराट की सभा में जाता हूँ। तुम लोग भी बारी-बारी से वहीं नौकरी मांगने के लिए जाना।" यह कहकर युधिष्ठिर ब्राह्मण का वेश बनाये हुए राजा विराट की सभा में पहुँचे। युधिष्ठिर भले ही बहुत थक गये थे, दीन-मलिन भी लगते थे, पर यह होने पर भी इनकी चाल-ढाल और चेहरे का तेज देखकर लोग यही सोचते थे कि यह कोई मुसीबत में पड़ा हुआ आदमी है। राजा विराट की सेवा में पहुँचकर युधिष्ठिर ने कहा- "हे महाराज! मैं दीन ब्राह्मण हूँ। मेरा नाम कंक है, मैं पहले महाराज युधिष्ठिर के दरबार में नौकरी करता था, वे मेरे साथ चौसर खेला करते थे जब से उनके दुर्भाग्य के दिन आरंभ हुए तब से मेरी भी नौकरी छूटी। पिछले बारह वर्षों से अनेक जगहों पर भटक कर बड़े-बड़े कष्ट झेलते हुए मैं आपकी शरण में आया हूँ।" राजा विराट ने युधिष्ठिर से और भी बहुत सी बातें पूछी। उनके उत्तर सुनकर वह बहुत संतुष्ट हुए। उन्होंने कहा- "हे ब्राह्मण! आज से आपके दुख के दिन बीत गये। मैं आपको उसी तरह से रखूंगा जैसे धर्मराज युधिष्ठिर रखते थे।" यह कहकर राजा विराट ने अपने मन्त्री को आज्ञा दी कि कंक ब्राह्मण को रहने के लिए उत्तम जगह दी जाये तथा उन्हें पहनने के लिए उत्तम वस्त और आभूषण भी दिये जायें। युधिष्ठिर के बाद भीमसेन दरबार में पहुँचे। उनके पास एक बड़ी-सी कलछी, चिमटा और तलवार थी। उन्होंने भी जाकर राजा विराट से कहा- "मैं शूद्र वर्ण का हूँ। मेरा नाम बल्लव है। मैं महाराज युधिष्ठिर के यहाँ रसोइये का कार्य करता था और उनके अन्न भण्डार की देखभाल की जिम्मेदारी भी मैं ही संभालता था।" राजा विराट बोले- "हे बल्लव! तुम तो देखने में रसोइये से अधिक पहलवान लगते हो।" |
टीका-टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रमांक | विषय का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज