विषय सूची
महाभारत कथा -अमृतलाल नागर
भीमसेन और द्रोणाचार्य का पराक्रम
दूसरे दिन कौरव सेना ने कठिन मोर्चा बांधा। भीमसेन युद्धक्षेत्र में जब पहुँचे तो उनके लड़वैयों ने कहा- “हे महाबली, आज तो कौरवों ने बड़ी ही कठिन व्यूह-रचना की है। इनके व्यूह को तोड़ने में ही आज का दिन व्यतीत हो जाएगा।” वह घबराहट भरी बातें भला भीमसेन को क्या डरा सकती थीं, उन्होंने डपटकर कहा- “तुम लोग कायरों की तरह से बकवास क्यों कर रहे हो? मैं जैसे कहता हूँ वैसे करो। मैं उनके ऊपर इस प्रकार से टूटूंगा, जैसे हिरणों के वन में शेर झपटता है।” भीमसेन ने यह कहकर शत्रु के व्यूह पर झपट पड़े। और ऐसा घमासार मचाया कि शत्रुओं की पहली रक्षापंक्ति टूट गई। उन्होंने व्यूह भेदकर जब भीतर प्रवेश किया, तो उन्हें कर्ण, सुकर्ण, दुःशासन आदि बहुत से योद्धा एक साथ दिखलाई दिये। आज अनेक वीरों ने आपस में मिलकर यह योजना बना रखी थी कि भीम को चारों ओर से घेरकर मार डाला जाएगा, परन्तु भीम भला ऐसी योजनाओं की चिन्ता थोड़े ही करते थे। उन्होंने कौरव सेना को तहस-नहस करना आरंभ कर दिया। भीम में इतना बल और साहस था कि कोई उनके आगे टिक ही नहीं पाता था। उन्होंने भयंकर नरसंहार किया। कौरवों के छक्के छूटने लगे। अपनी सेना की दुर्दशा होते देखकर गुरु द्रोणाचार्य स्वयं लड़ने के लिए आये। भीष्म पितामह के घायल होकर शर-शैय्या पर पड़ जाने के बाद से द्रोणाचार्य ही कौरवों के महासेनापति बना दिए गए थे। इसलिए वे बड़े मोर्चे की लड़ाई पर आप ही पहुँच गये। धृष्टद्युम्न ने जब अपने पिता के शत्रु आचार्य जी को इधर बढ़ते देखा तो सोचा कि भीम भाई की मदद के लिए पहुँचना चाहिए। द्रोणाचार्य कुशल धनुर्धर हैं, उनकी चतुराई के आगे भीम की बहादुरी शायद मात भी खा सकती है। धृष्टद्युम्न ने आगे बढ़कर द्रोणाचार्य का रथ रोक लिया। दोनों वीर लड़ाई में गुथ गये। इधर दुर्योधन भीम का सामना करने के लिए पहुँच गये। घमासान लड़ाई होने लगी। दुर्योधन को सहायता देने के लिए उसके आठ भाई उसके आस-पास लड़ रहे थे। भीम ने दुर्योधन से लड़ते हुए अचानक एक भाई पर आक्रमण किया और वह मर कर गिर गया। दुर्योधन ने इससे तड़प कर नया वार किया। भीम ने इस वार को निकम्मा कर दिया और लपक कर उसके एक और भाई की जान भी ले ली। इस तरह दुर्योधन के वे आठों भाई मारे गये। दुर्योधन घबरा उठा। |
टीका-टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रमांक | विषय का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज