विषय सूची
भक्ति सुधा -करपात्री महाराज
भगवान का मंगलमय स्वरूप
अस्तु, भगवान की श्यामता शतकोटिगुणित मधुप की श्यामता से तथा भगवान की दीप्तिमत्ता चन्द्रसिन्धु के सारातिसार तत्त्व का मन्थन करके प्राप्त चन्द्रतत्त्व की दीप्ति से कथंचित् उपमित की जा सकती है। कल्पना से इस प्रकार भवदीय दिव्य मंगलमय विग्रह को पदाम्बुज से मुखाम्बुज तक अथवा मुखाम्बुज से पदाम्बुज तक देख जाइये। मनःकल्पित अनन्ततेजःपुंज के भीतर अनुसन्धान कीजिये अथवा बालसूर्य में मन और दृष्टि को स्थिर करके देखिये। भगवान का श्रीमुखचन्द्र चन्द्रवत् वर्तुलाकार दिव्य विकसित अति विलक्षण अरविन्द है, चन्द्रमा के समान दीप्तिमान् वर्तुलाकार मुखारविन्द समुचित तारतम्य के साथ नतोन्नत भाव सहित है। इसकी मनोहारिता अत्यद्भुत है। चन्द्रवत् वर्तुलाकार विकसित सुकोमल मुखाम्बुज सारातिसार चन्द्रतत्त्व की दीप्ति और शतकोटिगुणोपेत भ्रमरनीलिमा से युक्त अति विलक्षण है। यह सम्मिलित समस्त मुखाम्बुज है। यह मन्दहासोपेत दिव्य मुखाम्बुज ऐसा शोभित होता है मानो दिव्यातिदिव्य चन्द्रतत्त्व नील कमल में छिपना चाहता है- दुरता है और फिर-फिर प्रकट होता है। यह हास भगवान के ‘अनुग्रहाख्यहृत्स्थेन्दुसूचकस्मितचन्द्रिकः’ अनुग्रह नामक हृदयस्थ चन्द्र की चन्द्रिका है। अनुग्रहरूप चन्द्र की ये तापहारिणी किरणें खिन्नातिखिन्न भावुकों को समाश्वासन दिलाती हैं कि घबराओ मत, अनुग्रहाख्य चन्द्र का यहाँ निवास है। यह समाश्वासन-यह दिव्य आशा ही भावुकों को उनकी थकावट और खिन्नता को दूर करके आगे बढ़ाती है। आशाबन्ध ही भक्ति मार्ग का मूल है। यह आशा भगवत्सान्निध्य की यह तृष्णा अद्भुत है, यह कैवल्य से खरीदी जाती है। भगवान का उदार हास ‘शोकाश्रुसारविशोषणमत्युदारम्’ शोकाश्रु-सागरों को सोख लेने वाला है। बहुल हास जब मुखारविन्द में प्रादुर्भूत होता है तब वह ‘हारहासः’ हास हार के समान होता है- कुन्दकुड्मल के समान दशनपंक्ति दिव्यातिदिव्य महेन्द्रनील के सदृश वक्षःस्थल पर हारवत् प्रतिबिम्बित होती है। यह हारहास अरुणिमा-विशिष्ट है- स्वच्छातिस्वच्छ होता हुआ भी किंचित् अरुण है। यह अधर की अरुणिमा दन्तपक्ति में प्रतिबिम्बित है-जैसे जवाकुसुम के सकाश से स्फटिक लोहित हुआ हो। यह अरुणिमा-विशिष्ट कुन्दकुड्मल के समान दशनपंक्ति युक्त हास्य दिव्य हार के समान शोभित होता है। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रम संख्या | विषय | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज