गीता प्रबोधनी -रामसुखदास पृ. 191

गीता प्रबोधनी -स्वामी रामसुखदास

दसवाँ अध्याय

Prev.png

श्रीभगवानुवाच
भूय एव महाबाहो श्रृणु मे परमं वच: ।
यत्तेऽहं प्रीयमाणाय वक्ष्यामि हितकाम्यया ॥1॥

श्रीभगवान बोले- हे महाबाहो अर्जुन! मेरे परम वचन को तुम फिर भी सुनो, जिसे मैं मुझ में अत्यन्त प्रेम रखने वाले तुम्हारे लिये हित की कामना से कहूँगा।

व्याख्या- अर्जुन भगवान में अत्यन्त प्रेम रखने वाले (भक्त) हैं; अतः भगवान उनके लिये भक्ति-सम्बन्धी परम वचन पुनः कहते हैं।

न मे विदु: सुरगणा: प्रभवं न महर्षय: ।
अहमादिर्हि देवानां महर्षीणां च सर्वश: ॥2॥
मेरे प्रकट होने को न देवता जानते हैं और न महर्षि; क्योंकि मैं सब प्रकार से देवताओं और महर्षियों का आदि हूँ।

व्याख्या- परमात्मा जानने का विषय नहीं है, प्रत्युत मानने और अनुभव करने का विषय हैं। उन्हें माना ही जा सकता है, जाना नहीं जा सकता। जैसे, अपने माता-पिता को हम मान ही सकते हैं, जान नहीं सकते; क्योंकि जन्म लेते समय हमने उन्हें देखा ही नहीं, देखना सम्भव ही नहीं, माता की अपेक्षा भी पिता को जानना सर्वथा असम्भव है; क्योंकि माता से जन्म लेते समय तो हमारा शरीर बन चुका था, पर पिता से जन्म लेते समय हमारे शरीर की सत्ता ही नहीं थी। भगवान सम्पूर्ण संसार के पिता हैं- ‘पिताहमस्य जगतो माता धाता पितामहः’[1], ‘पितासि लोकस्य चराचरस्य’[2], ‘अहं बीजप्रदः पिता’[3]इसलिये परमात्मा को जानना सर्वथा असम्भव है। उन्हें माना ही जा सकता है।

परमात्मा को हम जान सकते ही नहीं और माने बिना रह सकते ही नहीं। जैसे, माता-पिता को माने बिना हम रह सकते ही नहीं। अगर हम अपनी (शरीर की) सत्ता मानते हैं तो माता-पिता की सत्ता माननी ही पड़ेगी। कार्य है तो उसका कारण भी है। ऐसे ही परमात्मा को माने बिना हम रह सकते ही नहीं। अगर हम अपनी सत्ता (होनापन) मानते हैं तो परमात्मा की सत्ता माननी ही पड़ेगी। कारण के बिना कार्य कहाँ से आया? परमात्मा के बिना हम स्वयं कहाँ से आये? हमारी सत्ता परमात्मा के होने में प्रत्यक्ष प्रमाण है। जैसे ‘हम नहीं हैं’- इस तरह अपने होने पन का कोई निषेध या खण्डन नहीं कर सकता, ऐसे ही ‘परमात्मा नहीं हैं’- इस तरह परमात्मा के होनेपन का भी कोई निषेध या खण्डन नहीं कर सकता।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. (गीता 9।17)
  2. (गीता 11।43)
  3. (गीता 14।4)

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः