भागवत धर्म सार -विनोबा पृ. 74

Prev.png

भागवत धर्म मीमांसा

1. भागवत-धर्म

 
(2.1) मन्येऽकुतश्चित् भयमच्युतस्य
पादांबुजोपासनमत्र नित्यम्।
उद्विग्नबुद्धेर् असदात्मभावात्
विश्वात्मना यत्र निवर्तते भीः।।[1][2]

  • मन्ये- मानता हूँ।
  • अत्र- इस दुनिया में।
  • नित्यम्- सदैव के लिए।
  • अच्युतस्य पादांबुजोपासनम्- भगवान् के चरण-कमलों की सेवा।
  • अकुतश्चित् भयम्- कहीं से कोई भयप्रद नहीं। वह सर्वथा निर्भय है।

भागवत में भगवान भगवद्-भक्ति का विशेष वर्णन कर रहे हैं। जो भगवान के चरणों की सेवा करेगा, वह इस दुनिया में किसी प्रकार किसी से कभी नहीं डरेगा। उसे कभी किसी प्रकार का भय हो ही नहीं सकता। फिर भी आश्चर्य की बात है कि हिंदुस्तान में भगवान की भक्ति अधिक देखी जाती है और डरने वाले लोगों की संख्या भी अधिक है। प्रश्न होगा : हम भगवान की भक्ति करें और चित्त में डर भी रखें, ऐसा क्यों होता है? इसीलिए कि उस भक्ति में जड़ता है। वह भक्ति जड़ श्रद्धा के रूप में है, जीवित-जागृत भक्ति नहीं। माँ पर बच्चे की जीवित श्रद्धा होती है। वह माँ की गोद में होगा, तो कभी नहीं डरेगा। माँ कोई बड़ी ताकत नहीं रखती, फिर भी बच्चा समझता है कि वह मेरा हर प्रकार से बचाव करने वाली है। घर को आग लगी हो, तो भी बच्चा कुछ हलचल नहीं करेगा। माँ उसे उठा ले जाए तो ठीक, नहीं तो वहीं पड़ा रहेगा। माँ के प्रति बच्चे की जैसी दृढ़ श्रद्धा है, क्या भगवान के प्रति हमारी वैसी श्रद्धा है? हम अनुभव ही नहीं करते कि ‘भगवान की भक्ति करते हैं, उनका नाम लेते हैं तो हर हालत में वे हमें बचाएंगे, हम निर्भय हैं।’ हमने अपने माता-पिता से सुना कि ‘कोई भगवान हैं’, इसीलिए हम भी कहते हैं कि ‘भगवान हैं।’ किंतु वह कोई जीवित श्रद्धा नहीं। यदि जीवित श्रद्धा हो तो किसी प्रकार का भय ही नहीं रहेगा। संसार में अत्यंत निर्भर करने वाली कोई वस्तु है तो वह भगवान की भक्ति ही है।


भय कैसे पैदा होता है और कैसे निवृत्त होता है, तो कहते हैं :

उद्विग्नबुद्धेः असद्-आत्मभावात् विश्वात्मना यत्र निवर्तते भीः।
  • असद्-आत्मभावात्- देहात्मभाव से, अर्थात् आत्मा के बारे में ‘देह ही आत्मा है’ ऐसी मिथ्या कल्पना होने के कारण।
  • उद्विग्नबुद्धेः- जिसकी बुद्धि उद्विग्न होती है, यानि असद् आत्मभाव से बुद्धि भयग्रस्त होती है। किंतु अच्युत की चरण-सेवा से विश्वात्मता यानि ‘सारा विश्व मेरा ही रूप है’ ऐसी व्यापक भावना होती है, जिससे निवर्तते भीः- भय निवृत्त हो जाता है।


सारांश

देहबुद्धि या देहभावना यानि ‘मैं देह हूँ’ यह भावना दृढ़ होने के कारण भय पैदा होता है। पर भय निवृत्त कैसे होता है? भागवत-धर्म के परिणामस्वरूप। भगवद्-भक्ति से, अच्युत की चरण-सेवा से मनुष्य विश्वात्मा बनता है। देहभाव की जगह विश्वात्मभाव पैदा होता है। ‘सारे विश्व में मेरा ही रूप है’ ऐसी व्यापक भावना पैदा होती है और उससे भय निवृत्त हो जाता है।

देहभाव होने से मानव भयभीत होता है तो भगवद्-भक्ति से विश्वव्यापक भाव बनता और भय खतम होता है। भगवद् भक्ति मनुष्य को अपनी देह से अलग करके सारे विश्व के साथ जोड़ देती है। देह की भावना अपने को विश्व से अलग करती है- ‘मैं अकेला एक बाजू और कुल दुनिया दूसरी बाजू! मैं अलग और ये सब अलग!’ इसी को संस्कृत में ‘स्व-पर-भेद’ कहते हैं। देहबुद्धि के कारण ऐसे दो टुकड़े हो जाते हैं, पर विश्वात्म-भावना से वे टुकड़े जुड़ जाते हैं। सार यह कि भगवान विश्वेश्वर की भक्ति के कारण विश्वात्म भावना आती है, इसलिए भय निवृत्त होता है।

‘कुरान’ में बार-बार इसी विश्वात्म-भाव पर जो दिया है : रब्बुल अल् अमीन। भगवान कैसे हैं? सब दुनिया के प्रभु हैं। केवल मेरे नहीं, सबके प्रभु! इससे बुद्धि व्यापक बनती है कि हम सब एक प्रभु की संतानें हैं। ‘यह एक विश्व और वही हम’ यानि विश्व और हममें कोई फ़रक ही नहीं, यह भावना होती है। इस तरह स्पष्ट है कि मनुष्य भगवद् भक्ति से विश्वात्मा बनता है और विश्वात्मा बनने पर उसकी भय-निवृत्ति होती है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. यहाँ मूल श्लोक के पहले जो संख्या दी है, वह पीछे दिए गए ‘भागवत धर्म-सार’ को है। प्रथम संख्या अध्याय की और दूसरी श्लोक की है। श्लोक के नीचे की संख्या मूल भागवत के स्कंध, अध्याय और श्लोक की संख्या समझनी चाहिए।
  2. भागवत 11.2.33

संबंधित लेख

भागवत धर्म सार
क्रमांक प्रकरण पृष्ठ संख्या
1. ईश्वर-प्रार्थना 3
2. भागवत-धर्म 6
3. भक्त-लक्षण 9
4. माया-तरण 12
5. ब्रह्म-स्वरूप 15
6. आत्मोद्धार 16
7. गुरुबोध (1) सृष्टि-गुरु 18
8. गुरुबोध (2) प्राणि-गुरु 21
9. गुरुबोध (3) मानव-गुरु 24
10. आत्म-विद्या 26
11. बद्ध-मुक्त-मुमुक्षु-साधक 29
12. वृक्षच्छेद 34
13. हंस-गीत 36
14. भक्ति-पावनत्व 39
15. सिद्धि-विभूति-निराकांक्षा 42
16. गुण-विकास 43
17. वर्णाश्रम-सार 46
18. विशेष सूचनाएँ 48
19. ज्ञान-वैराग्य-भक्ति 49
20. योग-त्रयी 52
21. वेद-तात्पर्य 56
22. संसार प्रवाह 57
23. भिक्षु गीत 58
24. पारतंत्र्य-मीमांसा 60
25. सत्व-संशुद्धि 61
26. सत्संगति 63
27. पूजा 64
28. ब्रह्म-स्थिति 66
29. भक्ति सारामृत 69
30. मुक्त विहार 71
31. कृष्ण-चरित्र-स्मरण 72
भागवत धर्म मीमांसा
1. भागवत धर्म 74
2. भक्त-लक्षण 81
3. माया-संतरण 89
4. बद्ध-मुक्त-मुमुक्षु साधक 99
5. वर्णाश्रण-सार 112
6. ज्ञान-वैराग्य-भक्ति 115
7. वेद-तात्पर्य 125
8. संसार-प्रवाह 134
9. पारतन्त्र्य-मीमांसा 138
10. पूजा 140
11. ब्रह्म-स्थिति 145
12. आत्म-विद्या 154
13. अंतिम पृष्ठ 155

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः