मेरे तो गिरधर गोपाल -रामसुखदास पृ. 64

मेरे तो गिरधर गोपाल -स्वामी रामसुखदास

9. साधक कौन?

Prev.png

भगवान् ने गीता के आरम्भ में शरीर और शरीरी (शरीर वाले)-का वर्णन किया है, जिसका तात्पर्य साधक मात्र को यह बताना है कि तुम शरीर नहीं हो। वास्तव में साधक न शरीर है और न शरीरी ही है। साधक का स्वरूप सत्ता मात्र है, पर समझाने की दृष्टि से भगवान ने स्वरूप को ‘शरीरी’ नाम से कहा है। कारण कि संसार में जैसे धन के सम्बन्ध से मनुष्य ‘धनी’ कहलाता है, ऐसे ही शरीर के सम्बन्ध से स्वरूप ‘शरीरी’ कहलाता है। जैसे धन का सम्बन्ध न रहने पर धनी (मनुष्य) तो रहता है, पर उसका नाम ‘धनी’ नहीं रहता, ऐसे ही शरीर का सम्बन्ध न रहने पर शरीरी (स्वरूप) तो रहता है, पर उसका नाम ‘शरीरी’ नहीं रहता। इसी तरह एक ही स्वरूप क्षेत्र के सम्बन्ध से ‘क्षेत्रज्ञ’, दृश्य के सम्बन्ध से ‘द्रष्टा’ और साक्ष्य के सम्बन्ध से ‘साक्षी’ कहलाता है। पर वास्तव में स्वरूप न शरीर है, न शरीरी है; न क्षेत्र है, न क्षेत्रज्ञ है; न दृश्य है, न द्रष्टा है; न साक्ष्य है, न साक्षी है, प्रत्युत चिन्मय सत्तामात्र है।

यहाँ एक बात विशेष समझने की है कि जैसे धन के कारण धनी है, ऐसे शरीर के कारण शरीरी नहीं है। कारण कि जैसे धन और धनी-दोनों एक जाति के हैं, ऐसे शरीर और शरीरी-दोनों एक जाति के नहीं हैं। जैसे धनी का धन में आकर्षण होता है,ऐसे शरीरी का शरीर में कभी आकर्षण नहीं होता, प्रत्युत आकर्षण की मान्यता होती है। धनी में तो धन मुख्यता है, पर शरीरी की शरीर की मुख्यता है ही नहीं। धन के विकार तो धनी में आते हैं, पर शरीर के विकार शरीरी में कभी नहीं आते। इसलिये धन से सम्बन्ध-विच्छेद होने पर धनी रोता है; पर शरीर से सम्बन्ध-विच्छेद होने पर शरीरी अखण्ड, अपार, असीम आनन्द का अनुभव करता है। धन और धनी के विवेक से मुक्ति नहीं होती, पर शरीर और शरीरी के विवेक से मुक्ति हो जाती है। इसलिये धन के सम्बन्ध-विच्छेद से धनी मुक्त नहीं होता, प्रत्युत निधन अथवा विरक्त हो जाता है, पर शरीर के सम्बन्ध-विच्छेद से शरीरी सदा के लिये मुक्त हो जाता है। कारण कि शरीर संसार का बीज है। अतः जिसका शरीर के साथ सम्बन्ध है, उसका संसार मात्र के साथ सम्बन्ध है। शरीर के साथ सम्बन्ध-विच्छेद होने पर संसार मात्र से सम्बन्ध-विच्छेद हो जाता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

मेरे तो गिरधर गोपाल -रामसुखदास
क्रम संख्या पाठ का नाम पृष्ठ संख्या

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः