मेरे तो गिरधर गोपाल -रामसुखदास पृ. 1

मेरे तो गिरधर गोपाल -स्वामी रामसुखदास

1. मेरे तो गिरधर गोपाल

Prev.png

मानव शरीर भगवान् की कृपा से मिला है और केवल भगवान्-की प्राप्ति के लिये मिला है। इसलिये सब काम छोड़कर भगवान् में लग जाना चाहिये। जिनकी उम्र ज्यादा हो गयी है, उनको तो भगवान् में लगना ही है, जिनकी उम्र छोटी है, उनको भी सच्चे हृदय से भगवान् में लगना है। संसार का सब काम कर देना है, पर अपना असली ध्येय, लक्ष्य, उद्देश्य केवल परमात्मा की प्राप्ति ही रखना है।

वास्तव में सत्ता एक परमात्मा की ही है। संसार की तरफ आप ध्यान दें तो यह सब मिटने वाला है और निरन्तर मिट रहा है। आप अपनी तरफ देखें कि जब आप अपनी माँ के पेट से पैदा हुए, उस समय शरीर की कैसी अवस्था थी और आज कैसी अवस्था है। संसार निरन्तर बदलने वाला है और परमात्मा निरन्तर रहने वाले हैं। संसार रहने वाला है ही नहीं और परमात्मा बदलने वाले हैं ही नहीं। वे परमात्मा हमारे हैं और हम परमात्मा के हैं- इसमें दृढ़ता होनी चाहिये। जैसे छोटा बालक कहता है कि माँ मेरी है। उससे कोई पूछे कि माँ तेरी क्यों है, तो इसका उत्तर उसके पास नहीं है। उसके मन में यह शंका ही पैदा नहीं होती कि माँ मेरी क्यों है? माँ मेरी है, बस, इसमें उसको कोई सन्देह नहीं होता। इसी तरह आप भी सन्देह मत करो और यह बात दृढ़ता से मान लो कि भगवान् मेरे हैं। भगवान् के सिवाय और कोई मेरा नहीं है; क्योंकि वह सब छूटने वाला है। जिनके प्रति आप बहुत सावधान रहते हैं, वे रूपये, जमीन, मकान आदि सब छूट जायँगे। उनकी याद तक नहीं रहेगी। अगर याद रहने की रीति हो तो बतायें कि इस जन्म से पहले आप कहाँ थे? आपके माँ-बाप, स्त्री-पुत्र कौन थे? आपका घर कौन-सा था? जैसे पहले जन्म की याद नहीं है, ऐसे ही इस जन्म की भी याद नहीं रहेगी। जिसकी याद तक नहीं रहेगी, उसके लिये आप अकारण परेशान हो रहे हो। यह सबके अनुभव की बात है कि हमारा कोई नहीं है! यह सब मिले हैं और बिछुड़ जायँगे। इसलिये ‘मेरे तो गिरधर गोपाल, दूसरो न कोई’ -ऐसा मानकर मस्त हो जाओ। संसार का काम बिगड़ रहा है तो बिगड़ने दो। वह तो बिगड़ने वाला ही है। सुधर जाय तो भी बिगड़ेगा। उसकी चिन्ता मत करो। आरम्भ में थोड़ा-सा बिगड़ेगा, परन्तु पीछे बहुत बढ़िया हो जायगा। दुनिया सब-की-सब चली जाय तो परवाह नहीं है। मैं और भगवान-इन दो के सिवाय और कोई नहीं है। मैं केवल भगवान् का हूँ और केवल भगवान् मेरे हैं- इसके सिवाय और किसी बात की तरफ देखो ही मत, विचार ही मत करो।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

मेरे तो गिरधर गोपाल -रामसुखदास
क्रम संख्या पाठ का नाम पृष्ठ संख्या

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः