भगवद्गीता -राधाकृष्णन पृ. 201

भगवद्गीता -डॉ. सर्वेपल्लि राधाकृष्णन

Prev.png
अध्याय-11
भगवान् का दिव्य रूपान्तर
अर्जुन भगवान् के सार्वभौमिक (विश्व) रूप को देखना चाहता है

   
8.न तु मां शक्यसे द्रष्टुमनेनैव स्वचक्षुषा।
दिव्यं ददामि ते चक्षुः पश्च मे योगमैश्वरम्॥

परन्तु तू मुझे अपनी इन (मानवीय) आखों से नहीं देख पाएगा; मैं तुझे दिव्य दृष्टि देता हूँ। तू मेरी दिव्य शक्ति को देख।कोई भी पार्थिव आंख सर्वोच्च रूप को नहीं देख सकती। मानवीय आंख ऐसे अत्यधिक प्रकाश को देखने के लिए नहीं बनी। मांसचक्षु मांस की बनी हुई आंख है, जबकि दिव्य चक्षु दैवीय आंख है।[1]मानवीय आंख केवल बाह्य रूपों को देख सकती है; आन्तरिक आत्मा का ज्ञान आत्मिक आंख से होता है। एक प्रकार का ज्ञान ऐसा होता है, जिसे हम अपने प्रयत्नों द्वारा प्राप्त कर सकते हैं-इन्द्रियों द्वारा प्रदत्त अनुभव और बौद्धिक अगतिविध पर आधारित ज्ञान। एक और प्रकार का ज्ञान उस समय हो सकता है, जबकि हम चारुता के प्रभाव के अधीन हों- आत्मिक वास्तविकताओं का प्रत्यक्ष ज्ञान। देवता का दर्शन देवता की ही एक देन है। यह सारा विवरण दिव्य प्रकृति में नानाविध विश्व की एकता को सूचित करने का एक काव्यपूर्ण ढंग है।

संजय द्वारा दिव्य रूप का वर्णन
संजय उवाच

9.एकमुक्त्वा ततो राजन्महायोगेश्वरो हरिः।
दर्शयामास पार्थाय परमं रूपमैश्वरम्॥

महाराज, इस प्रकार कहकर महान् योगेश्वर हरि (कृष्ण) ने अर्जुन के सम्मुख अपना सर्वोच्च और दिव्य रूप प्रकट किया। यह कृष्ण का दिव्य रूपान्तर है, जिसमें कि अर्जुन स्वर्ग और पृथ्वी के सब प्राणियों को दिव्य रूप में देखता है।

10.अनेकवक्त्रनयनमनेकाद्भुतदर्शनम्।
अनेकदिव्याभरणं दिव्यानेकोद्यतायुधम्॥

वह रूप अनेक मुखों और आंखों वाला था, उसमें अनेक आश्चर्यजनक दृश्य थे। उसने अनेक दिव्य आभूषण धारण किए हुए थे और उसने अनेक दिव्य शास्त्र उठाए हुए थे।यहाँ पर ऐसा प्रतीत होता है कि कवि उस अनुभव का वर्णन करने के प्रयत्न में जो कि वस्तुतः अवर्णनीय है, शब्दों की कमी और वाणी की अपूर्णता का अनुभव कर रहा है। अनेकवक्त्रनयनम्: अनेक मुखों और आंखों वाला। वह सबको निगल जाने वाला और सबको देखने वाला है।ये सार्वभौम सत्ता के वर्णन हैं। पुरुषसूक्त में भी इससे मिलता-जुलता वर्णन प्राप्त होता है। सहस्रशीर्षा पुरुषः सहस्राक्षः सहस्रपात् (ऋग्वेद 10,90)। तुलना कीजिए: मुण्डकोपनिषद् 2, 1, 4।

11.दिव्यमाल्याम्बरधरं दिव्यगन्धानुलेपनम्।
सर्वाश्चर्यमयं देवमनन्तं विश्वतोमुखम्॥

(11) उसने दिव्य मालाएं और वस्त्र धारण किए हुए थे। उसने दिव्य गन्ध (इत्र) और लेप लगाए हुए थे। उसमें सब आश्चर्य थे। वह दिव्य और अनन्त था। उसके मुख सब दिशाओं की ओर विद्यमान थे।

12.दिवि सूर्यसहस्रस्य भवेद्युगपदुत्थिता।
यदि भाः सदृशी सा स्याद्धासस्तस्य महात्मनः॥

(12) यदि आकाश में एक हजार सूर्यों की चमक एक-साथ दमक उठे, तो वह उस महान् आत्मा के तेज के समान हो सकती है।


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. उपनिषद् का कथन है: सुनते हुए भी वे नहीं सुनते; जानते हुए भी वे नहीं जानते; देखते हुए भी वे नहीं देखते; वे केवल ज्ञान की आंखों से देखते हैं। शृण्वन्तोअपि न शृण्वन्ति जानन्तोअपि न जानते। पश्यन्तोअपि न पश्यन्ति पश्यन्ति ज्ञानचक्षुषः॥ मोक्षधर्म में निम्नलिखित श्लोक मिलता है: माया ह्येषा मया स्रष्टा यन्मां पश्यसि नारद। सर्वभूतगुणैर्युक्तं न तु मां दृष्टुमर्हसि॥ इस पर टीक करते हुए मधुसूदन ने कहा है: ’’सर्वभूतगुणैर्युक्तं कारणोपाधि मां चर्मचक्षुषा द्रष्टुं नार्हसि।’’ पैगम्बर के शब्दों में तुलना कीजिए:’’प्रभु उसकी आंखे खोल दो, जिससे वह देख सके।’’ साथ ही देखिए विजन आफ ऐजेकियेल, ऐक्सौडस 33, 18; रीवैलेशन, 4; और सद्धर्म पुण्डरीक, 1। ’’उठो चमको; क्यों कि तुम्हारा प्रकाश आ गया है और प्रभु की महिमा तुम्हारे ऊपर उदित हुई है। तुम देख पाओगे और देदीप्यमान बनोगे और तुम्हारा हृदय रोमांचित और विशाल हो जाएगा।’’ (ईसाइयाह 9, 1-5)।यह दर्शन कोई मानसिक कल्पाना नहीं है, अपितु सीमित मन से परे एक सत्य का उद्घाटन है। यहाँ अनुभव की स्वतः स्फूर्तता और प्रत्यक्षता को स्पष्ट किया गया है।

संबंधित लेख

भगवद्गीता -राधाकृष्णन
अध्याय अध्याय का नाम पृष्ठ संख्या
परिचय 1
1. अर्जुन की दुविधा और विषाद 63
2. सांख्य-सिद्धान्त और योग का अभ्यास 79
3. कर्मयोग या कार्य की पद्धति 107
4. ज्ञानमार्ग 124
5. सच्चा संन्यास 143
6. सच्चा योग 152
7. ईश्वर और जगत 168
8. विश्व के विकास का क्रम 176
9. भगवान अपनी सृष्टि से बड़ा है 181
10. परमात्मा सबका मूल है; उसे जान लेना सब-कुछ जान लेना है 192
11. भगवान का दिव्य रूपान्तर 200
12. व्यक्तिक भगवान की पूजा परब्रह्म की उपासना की अपेक्षा 211
13. शरीर क्षेत्र है, आत्मा क्षेत्रज्ञ है; और इन दोनों में अन्तर 215
14. सब वस्तुओं और प्राणियों का रहस्यमय जनक 222
15. जीवन का वृक्ष 227
16. दैवीय और आसुरीय मन का स्वभाव 231
17. धार्मिक तत्त्व पर लागू किए गए तीनों गुण 235
18. निष्कर्ष 239
19. अंतिम पृष्ठ 254

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः