महाभारत स्त्री पर्व अध्याय 25 श्लोक 18-31

पंचविंश (25) अध्याय: स्‍त्री पर्व (स्त्रीविलाप पर्व)

Prev.png

महाभारत: स्त्री पर्व: पंचविंश अध्याय: श्लोक 18-31 का हिन्दी अनुवाद

कमलनयन! पाञ्चालराज का भय निर्मल स्वेत छत्र शरत्काल के चन्द्रमा की भाँति सुशोभित हो रहा है। इन बूढ़े पाञ्चालराज द्रुपद को इनकी दुखी रानियां और पुत्रबधुऐं चिता में जलाकर इनकी प्रदक्षिणा करके जा रही हैं। चेदिराज महामना शूरवीर धृष्टकेतु को जो द्रोणाचार्य के हाथ से मारा गया है, उसकी रानियां अचेत सी होकर दाह संस्कार के लिये जा रही हैं। मधुसूदन! यह महाधनुर्धर वीर संग्राम में द्रोणाचार्य के अस्त्र-शस्त्रों का नाश करके नदी के वेग से कटे हुए वृक्ष के समान मरकर धराशायी हो गया। यह चेदिराज शूरवीर महारथी धृष्टकेतु सहस्रों शत्रुओं को मारकर मारा गया और रणशय्या पर सदा के लिये सो गया। हृषीकेष! सेना और बन्धुओं सहित मारे गये इस चेदिराज को पक्षी चोंच मार रहे हैं और उसकी स्त्रियां उसे चारों ओर से घेर कर बैठी हैं। दशार्हकुल की कन्या (श्रुतश्रवा) के पुत्र शिशुपाल का यह सत्यपराक्रमी वीर पुत्र रणभूमि में सो रहा है और इसे अंग में लेकर ये चेदिराज की सुन्दरी रानियां रो रही हैं। हृषीकेष! देखो तो सही, इस धृष्टकेतु के सुन्दर मुख और मनोहर कुण्डलों वाले पुत्र को द्रोणाचार्य ने समरांगण में अपने बाणों द्वारा मारकर उसके अनेक टुकड़े कर डाले हैं। मधुसूदन! रणभूमि में स्थित होकर शत्रुओं के साथ जूझने वाले अपने पिता का साथ इसने कभी नहीं छोड़ा था, आज युद्ध के बाद भी वह पिता को नहीं छोड़ सका है।

महाबाहो! इसी प्रकार मेरे पुत्र के पुत्र शत्रुवीरहन्ता लक्ष्मण ने भी अपने पिता दुर्योधन का अनुसरण किया है। माधव! जैसे ग्रीष्म ऋतु में हवा के वेग से दो खिले हुए शाल वृक्ष गिर गये हों, उसी प्रकार अवन्ति देश के दोनों वीर राजपुत्र विन्द और अनुविन्द धराशायी हो गये हैं, इन पर दृष्टिपात करो। इन दोनों ने सोने के कवच धारण किये हैं, बाण, खड्ग और धनुष लिये हैं तथा बैल के समान बड़ी-बड़ी आंखों वाले ये दोनों वीर चमकीले हार पहने हुए सो रहे हैं। श्रीकृष्ण! तुम्हारे साथ ही ये समस्त पाण्डव अवध्य जान पड़ते हैं जो कि द्रोण, भीष्म, वैकर्तन कर्ण, कृपाचार्य, दुर्योधन, द्रोणपुत्र अश्वत्थामा, सिंधुराज जयद्रथ, सोमदत्त, विकर्ण और शूरवीर कृतवर्मा के हाथ से जीवित बच गये हैं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः