महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 167 श्लोक 45-51

सप्तषष्‍टयधिकशततम (167) अध्याय: शान्ति पर्व (आपद्धर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: सप्तषष्‍टयधिकशततम अध्याय: श्लोक 45-51 का हिन्दी अनुवाद

जो पूर्वजन्म की बातों को स्मरण करने वाले तथा वृद्धावस्था के विकार से युक्‍त हैं, वे मनुष्‍य नाना प्रकार के सांसारिक दु:खों के उपभोग से निरन्तर पीड़ित हो मुक्ति की ही प्रशंसा करते हैं, परंतु हम लोग उस मोक्ष के विषय में जानते ही नहीं। स्वयम्भू भगवान ब्रह्मा जी का कथन है कि जिसके मन में आसक्ति है, उसकी कभी मुक्ति नहीं होती। आसक्ति शून्‍य ज्ञानी मनुष्‍य ही मोक्ष को प्राप्‍त होते हैं; अत: मुमुक्षु पुरुष को चाहिये कि वह किसी का प्रिय अथवा अप्रिय न करे। इस प्रकार विचार करना ही मोक्ष का प्रधान उपाय है, स्वेच्छाचार नहीं। विधाता ने मुझे जिस कार्य में लगा दिया है, मैं उसे ही करता हूँ। विधाता सभी प्राणियों को विभिन्न कार्यों के लिये प्रेरित करता है। अत: आप सब लोगों को ज्ञात होना चाहिये कि विधाता ही प्रबल है। मनुष्‍य कर्म द्वारा अप्राप्‍य अर्थ नहीं पा स‍कता। जो होनहार है, वही होता है; इस बात को तुम सब लोग जान लो। मनुष्‍य त्रिवर्ग से रहित होने पर भी आवश्‍यक पदार्थ को प्राप्‍त कर लेता है; अत: मोक्ष प्राप्ति का गूढ़ उपाय (ज्ञान) ही जगत का वास्तविक कल्याण करने वाला है।

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! राजा युधिष्ठिर की कही हुई बात बड़ी उत्‍तम, युक्तियुक्‍त और मन में बैठने वाली हुई। उसे पूर्णरूप से समझकर वे सब भाई बड़े प्रसन्न हो हर्षनाद करने लगे। उन सबने कुरुकुल के प्रमुख वीर युधि‍ष्ठिर को अञ्जलि बांधकर प्रणाम किया। जनमेजय! युधिष्ठिर की उस वाणी में किसी प्रकार का दोष नहीं था। वह अत्यन्त सुन्दर स्वर और व्यंजन के संनिवेश से विभूषित तथा मन के अनुरूप थी, उसे सुनकर समस्त राजाओं ने युधिष्ठिर की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पराक्रमी धर्मपुत्र महामना युधिष्ठिर ने भी उन समस्त विश्‍वासपात्र नरेशों एवं बन्धुजनों की प्रशंसा की और पुन: उदारचेता गंगानंदन भीष्‍म जी के पास आकर उनसे उत्‍तम धर्म के विषय में प्रश्‍न किया।

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्व के अन्तर्गत आपद्धर्मपर्व में षड्जगीताविषयक एक सौ सरसठवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः