महाभारत वन पर्व अध्याय 85 श्लोक 94-112

पंचाशीतितम (85) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: पंचाशीतितम अध्याय: श्लोक 94-112 का हिन्दी अनुवाद


राजन्! मनुष्य की हड्डी जब तक गंगाजल का स्पर्श करती है, तब तक वह पुरुष स्वर्गलोक में पूजित होता है। जितने पुण्य-तीर्थ हैं और जितने पुण्य मंदिर हैं, उन सब की उपासना (सेवन) से पुण्यलाभ करके मनुष्य देवलोक का भागी होता है। गंगा के समान कोई तीर्थ नहीं, भगवान् विष्णु से बढ़कर कोई देवता नहीं और ब्राह्मणों से उत्तम कोई वर्ण नहीं है; ऐसा ब्रह्मा जी का कथन है। महाराज! जहाँ गंगा बहती है, वही उत्तम देश है और वही तपोवन है। गंगा के तटवर्ती स्थान को सिद्ध क्षेत्र समझना चाहिये। इस सत्य सिद्धान्त को ब्राह्मण आदि द्विजों, साधु पुरुषों, पुत्र, सुहृदों, शिष्य वर्ग तथा अपने अनुगत मनुष्यों के कान में कहना चाहिये। यह गंगा-महात्मय धन्य, पवित्र, स्वर्गप्रद और परम उत्तम है। वह पुण्यदायक, रमणीय, पावन, उत्तम धर्मसंगत और श्रेष्ठ है। यह महर्षियों का गोपनीय रहस्य है। सब पापों का नाश करने वाला है। द्विजमण्डली में इस गंगा-माहात्मय का पाठ करके मनुष्य निर्मल हो स्वर्गलोक में पहुँच जाता है। यह तीर्थसमूहों की महिमा का वर्णन परम उत्तम, सम्पतिदायक, स्वर्गप्रद, पुण्यकारक, शत्रुओं का निवारण करने वाला, कल्याणकारक तथा मेधशक्तियों को उत्पन्न करने वाला है।

इस तीर्थ महात्म्य का पाठ करने से पुत्रहीन को पुत्र प्राप्त होता है, धनहीन को धन मिलता है, राजा इस पृथ्वी पर विजय पाता है और सब वैश्य को व्यापार में धन मिलता है। शूद्र मनोवांछित वस्तुएं पाता है और ब्राह्मण इसका पाठ करे तो वह समस्त शास्त्रों का पारंगत विद्वान् होता है। जो मनुष्य तीर्थों के इस पुण्य माहात्म्य को प्रतिदिन सुनता है, वह पवित्र हो पहले के अनेक जन्मों की बातें याद कर लेता है और देहत्याग के पश्चात् स्वर्गलोक में आनंद का अनुभव करता है। भीष्म! मैंने यहाँ गम्य और अगम्य सभी प्रकार के तीर्थों का वर्णन किया है। सम्पूर्ण तीर्थों के दर्शन की इच्छा पूर्ण करने के लिये मनुष्य जहाँ जाना सम्भव न हो, उन अगम्य तीर्थों में मन से यात्रा करे अर्थात् मन से उन तीर्थों का चिन्तन करे। वसुगण, साध्यगण, मरुद्गण, दोनों अश्विनीकुमार तथा देवोपम महर्षियों ने भी पुण्य-लाभ की इच्छा से उन तीर्थों का स्नान किया है।

उत्तम व्रत का पालन करने वाले कुरुनन्दन! इसी प्रकार तुम भी विधिपूर्वक शौच-संतोषादि नियमों का पालन करते और पुण्य से पुण्य को बढ़ाते हुए उन तीर्थों की यात्रा करो। आस्तिकता और वेदों के अनुशीलन से पहले अपनी इन्द्रियों को पवित्र करके शास्त्रज्ञ साधु पुरुष ही उन तीर्थों को प्राप्त करते हैं। कुरुनन्दन जो ब्रह्मचर्य आदि व्रतों का पालन नहीं करता, जिसने अपने चित्त को वश में नहीं किया, जो अपवित्र आचार-विचार वाला और चोर है, जिसकी बुद्धि वक्र है, ऐसा मनुष्य श्रद्धा न होने के कारण तीर्थों में स्नान नहीं करता। तुम धर्म और अर्थ के ज्ञाता तथा नित्य सदाचार में तत्पर रहने वाले हो। धर्मज्ञ! तुमने पिता-पितामह-प्रपितामह ब्रह्मा आदि देवता तथा महर्षिगण- इन सबको सदा स्वधर्मपालन से संतुष्ट किया है, अतः इन्द्र के समान तेजस्वी नरेश! तुम वसुओं के लोक में जाओगे। भीष्म! तुम्हें इस पृथ्वी पर विशाल एवं अक्षय कीर्ति प्राप्त होगी।

नारद जी कहते हैं- युधिष्ठिर! ऐसा कहकर भीष्म जी की अनुमति ले संतुष्ट हुए भगवान् पुलस्त्य मुनि प्रसन्न मन से वहीं अन्तर्धान हो गये।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः