महाभारत वन पर्व अध्याय 71 श्लोक 16-36

एकसप्ततितम (71) अध्‍याय: वन पर्व (नलोपाख्यान पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: एकोनसप्ततितम अध्याय: श्लोक 16-36 का हिन्दी अनुवाद


बाहुक ने कहा- 'राजन्! ललाट में एक, मस्तक में दो, पार्श्वभाग में दो, उपपार्श्वभाग में भी दो, छाती में दोनों और दो दो और पीठ में एक-इस प्रकार कुल बारह भंवरियों को पहचानकर घोड़े रथ में जोतने चाहिये। ये मेरे चुने हुए घोड़े अवश्य विदर्भ देश की राजधानी तक पहुचेंगे, इसमें संशय नहीं है। महाराज! इन्हें छोड़कर आप जिनको भी ठीक समझें, उन्हीं को मैं रथ में जोत दूंगा।' ऋतुपर्ण बोले- 'बाहुक! तुम अश्वविद्या के तत्त्वज्ञ और कुशल हो, अतः जिन्हें इस कार्य में समर्थ समझो, उन्हीं को शीघ्र जोतो।' तब चतुर एवं कुशल राजा नल ने अच्छी जाति और उत्तम स्वभाव के चार वेगशाली घोड़ों को रथ से जोता। जुते हुए रथ पर राजा ऋतुपर्ण बड़ी उतावली के साथ सवार हुए। इसलिये उनके चढ़ते ही वे उत्तम घोड़े घुटनों के बल पृथ्वी पर गिर पड़े।

युधिष्ठिर! तब नरश्रेष्ठ श्रीमहान् राजा नल ने तेज और बल से सम्पन्न घोड़ों को पुचकारा। फिर अपने हाथ में बागडोर ले उन्हें काबू में करके रथ को आगे बढ़ाने की इच्छा की। वार्ष्‍णेय सारथि को रथ पर बैठाकर अत्यन्त वेग का आश्रय ले उन्होंने रथ हांक दिया। बाहुक के द्वारा विधिपूर्वक हांके जाते हुए वे उत्तम अश्व रथी को मोहित से करते हुए इतने तीव्र वेग से चले, मानो आकाश में उड़ रहे हों। इस प्रकार वायु के समान वेग से रथ का वहन करने वाले उन अश्वों को देखकर श्रीमान् अयोध्या नरेश को बड़ा विस्मय हुआ। रथ की आवाज सुनकर और घोड़ों को काबू में करने की वह कला देखकर वार्ष्‍णेय ने बाहुक के अश्व-विज्ञान पर सोचना आरम्भ किया- ‘क्या यह देवराज इन्द्र का सारथि मातलि है? इस वीर बाहुक में मातलि का-सा ही महान् लक्षण देखा जाता है अथवा घोड़ों की जाति और उनके विषय की तात्विक बातें जानने वाले ये आचार्य शालिहोत्र तो नहीं हैं, जो परम सुन्दर मानव शरीर धारण करके यहाँ आ पहुँचे हैं अथवा शत्रुओं की राजधानी पर विजय पाने वाले साक्षात् राजा नल ही तो इस रूप में नहीं आ गये हैं? अवश्य वे ही हैं।'

इस प्रकार वार्ष्‍णेय ने चिन्तन करना प्रारम्भ किया। ‘राजा नल इस जगत् में जिस विद्या को जानते हैं, उसी को बाहुक भी जानता है। बाहुक और नल दोनों का ज्ञान मुझे एक-सा दिखायी देता है। बहुत-से महात्मा प्रच्छन्न रूप धारण करके देवोचित विधि तथा शास्त्रोंक्त नियमों से युक्त होकर इस पृथ्वी पर विचरते रहते हैं। इसके शरीर की रूपहीनता को लक्ष्य करके मेरी बुद्धि में यह भेद नहीं पैदा होता कि यह नल नहीं है, परन्तु राजा नल की जो मोटाई है, उससे यह कुछ-पतला है। उससे मेरे मन में यह विचार होता है कि सम्भव है, यह नल न हो। इसकी अवस्था का प्रमाण तो उन्हीं के समान है, परन्तु रूप की दृष्टि से तो अन्तर पड़ता है। फिर भी अन्ततः मैं इसी निर्णय पर पहुँचता हूँ कि मेरी राय में बाहुक सर्वगुणसम्पन्न राजा नल ही हैं’।

महाराज युधिष्ठिर! इस प्रकार पुण्यश्लोक नल के सारथि वार्ष्‍णेय ने बार-बार उपर्युक्त रूप से विचार करते हुए मन-ही-मन उक्त धारणा बना ली। महाराज ऋतुपर्ण भी बाहुक के अश्वचालन विषयक ज्ञान पर विचार करके वार्ष्‍णेय सारथि के साथ बहुत प्रसन्न हुए। उसकी वह एकाग्रता, वह उत्साह, घोड़ों को काबू में रखने की वह कला और उत्तम प्रयत्न देखकर उन्हें बड़ी प्रसन्नता प्राप्त हुई।


इस प्रकार श्रीमहाभारत वनपर्व के अन्तर्गत नलोपाख्यानपर्व में ऋतुपर्ण का विदर्भ देश में गमन विषयक इकहत्तरवां अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः