महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 54 श्लोक 63-85

चतु:पंचाशत्तम (54) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: चतु:पंचाशत्तम अध्याय: श्लोक 63-85 का हिन्दी अनुवाद


वे बार-बार उछलते, सम्पूर्ण दिशाओं में दौड़ते और युद्ध के विचित्र पैंतरे दिखाते हुए रणभूमि में विचरते थे। यशस्वी भीमसेन का यह पराक्रम देखकर लोगों को बड़ा आश्चर्य होता था। उन्होंने कितने ही योद्धाओं को पैरों से कुचलकर मार डाला, कितनों को ऊपर उछाल कर पटक दिया, कितनों को तलवार से काट दिया, दूसरे कितने ही योद्धाओं को अपनी भीषण गर्जना से डरा दिया और कितनों को अपने महान् वेग से पृथ्वी पर दे मारा। दूसरे बहुत से योद्धा इन्हें देखते ही भय के मारे निष्प्राण हो गये। इस प्रकार मारी जाने पर भी वेगशाली कलिंग वीरों की उस विशालवाहिनी ने रणक्षेत्र में भीष्म की रक्षा के लिये उन्हें चारों और से घेरकर पुनः भीमसेन पर धावा किया।

भरतश्रेष्ठ! कलिंग सेना के अग्रभाग में राजा श्रुतायु को देखकर भीमसेन उनका सामना करने के लिये आगे बढ़े। उन्हें आते देख अमेय आत्मबल से सम्पन्न कलिंगराज श्रतायु ने भीमसेन की छाती में दो बाण मारे। कलिंगराज के बाणों से आहत हो भीमसेन अंकुश की मार खाये हुए हाथी के समान क्रोध से जल उठे, मानो घी की आहुति पाकर आग प्रज्वलित हो उठी हो। इसी समय भीमसेन के सारथि अशोक ने एक सुवर्णभूषित रथ लेकर उसे भीम के पास पहुँचा कर उन्हें भी रथ से सम्पन्न कर दिया। शत्रुसुदन कुन्तीकुमार भीम तुरन्त ही उस रथ पर आरूढ़ हो कलिंगराज की ओर दौड़े और बोले- ‘अरे! खड़ा रह, खड़ा रह’। तब बलवान् श्रुतायु ने कुपित हो अपने हाथ की फुर्ती दिखाते हुए बहुत से पैने बाण भीमसेन पर चलाये।

महाराज! महामना कलिंगराज के द्वारा श्रेष्ठ धनुष से छोड़े हुए नौ तीखे बाणों से घायल हो भीमसेन डंडे की चोट खाये हुए सर्प की भाँति अत्यंत कुपित हो उठे। बलवानों में श्रेष्ठ कुन्तीपुत्र भीम ने क्रुद्ध हो अपने सुदृढ़ धनुष को बलपूर्वक खींचकर लोहे के सात बाणों द्वारा कलिंगराज श्रुतायु को घायल कर दिया। तत्पश्चात् दो क्षुर नामक बाणों से कलिंगराज के चक्ररक्षक महाबली सत्यदेव तथा सत्य को यमलोक पहुँचा दिया। इसके बाद अमेय आत्मबल से सम्पन्न भीम ने तीन तीखे नाराचों द्वारा रणक्षेत्र में केतुमान को मारकर उसे यमलोक भेज दिया। तब कलिंगदेशीय समस्त क्षत्रियों ने कई हजार सैनिकों के साथ आकर युद्ध के लिये उद्यत हो अमर्षशील भीमसेन को आगे बढ़ने से रोक दिया।

राजन्! उस समय कलिंग-योद्धा भीमसेन पर शक्ति, गदा, खंग, तोमर, ऋष्टि तथा फरसों की वर्षा करने लगे। वहाँ होती हुई उस भयंकर बाण-वर्षा को रोककर महाबली भीमसेन हाथ में गदा ले बड़े वेग से कलिंग-सेना में कूद पड़े। उस सेना में घुसकर शत्रुमर्दन भीम ने पहले सात सौ वीरों को यमलोक पहुँचाया। फिर दो हजार कलिंगों को मृत्युलोक में भेज दिया। यह अद्भुत-सी घटना थी। इस प्रकार भीमसेन ने महारथी भीष्म की ओर देखते हुए कलिंगों की सेना को बार बार समर-भूमि में शीघ्रतापूर्वक विदीर्ण किया। उस रणभूमि में पाण्डुनन्दन भीम के द्वारा सवारों के मार दिये जाने पर बहुत-से मतवाले हाथी वायु के थपेडे़ खाये हुए बादलों के समान कौरव सेना में इधर-उधर भागते तथा अपने ही सैनिक को कुचलते हुए बाणों की व्यर्था से व्याकुल हो चीत्कार करने लगे। तदनन्तर महाबली महाबाहु भीमसेन ने खड्ग हाथ में लिये हुए अत्यन्त प्रसन्न हो खडे़ जोर से शंख बजाने लगे।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः