महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 104 श्लोक 98-114

चतुरधिकशततम (104) अध्याय: अनुशासनपर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: चतुरधिकशततम अध्याय: श्लोक 98-114 का हिन्दी अनुवाद


पानी, खीर, सत्तू, दही, घी और मधु- इन सबको छोड़कर अन्य भक्ष्य पदार्थों का अवशिष्‍ट भाग दूसरे किसी को नहीं देना चाहिये। पुरुषसिंह! भोजन करते समय भोजन के विषय में शंका नहीं करनी चाहिये तथा अपना भला चाहने वाले पुरुष को भोजन के अन्त में दही नहीं पीना चाहिये। भोजन करने के पश्चात कुल्ला करके मुंह धो ले और एक हाथ से दाहिने पैर के अंगूठे पर पानी डाले। फिर प्रयोगकुशल मनुष्य एकाग्रचित्त हो अपने हाथ को सिर पर रखे। उसके बाद अग्नि का मन से स्‍पर्श कर ले। ऐसा करने से वह कुटुम्बीजनों में श्रेष्ठता प्राप्त कर लेता है। इसके बाद जल से आंख, नाक आदि इन्द्रियों और नाभि का स्‍पर्श करके दोनों हाथों की हथेलियों का धो डाले। धोने के पश्चात गीले हाथ लेकर ही न बैठ जाये (उन्हें कपड़ों से पोंछकर सुखा दे)।

अंगूठे का अन्तराल (मूल स्थान) ब्राह्मतीर्थ कहलाता है, कनिष्ठा आदि अंगुलियों का पश्‍चाद्भाग (अग्रभाग) देवतीर्थ कहा जाता है। भारत! अंगुष्ठ और तर्जनी के मध्य भाग को पितृतीर्थ कहते हैं। उसके द्वारा शास्त्रविधि से जल लेकर सदा पितृकार्य करना चाहिये। अपनी भलाई चाहने वाले पुरुष को दूसरों की निंदा तथा अप्रिय वचन मुंह से नहीं निकालने चाहिये और किसी को क्रोध भी नहीं दिलाना चाहिये। पतित मनुष्यों के साथ वार्तालाप की इच्छा न करे। उनका दर्शन भी त्याग दे और उनके सम्पर्क में कभी न जाये। ऐसा करने से मनुष्य बड़ी आयु पाता है। दिन में कभी मैथुन न करे। कुंमारी कन्या और कुल्टा के साथ कभी समागम न करे। अपनी पत्नि भी जब तक ऋतुस्नाता न हो, तब तक उसके साथ समागम न करे। इससे मनुष्य को बड़ी आयु प्राप्त होती है। कार्य उपस्थित होने पर अपने-अपने तीर्थ में आचमन करके तीन बार जल पीये और दो बार ओठों को पोंछ ले- ऐसा करने से मनुष्य शुद्ध हो जाता है। पहले नेत्र आदि इन्द्रियों का एक बार स्‍पर्श करके तीन बार अपने ऊपर जल छिड़के, इसके बाद वेदोक्त विधि के अनुसार देवयज्ञ और पितृयज्ञ करे।

कुरुनन्दन! अब ब्राह्मण के लिये भोजन के आदि और अन्त में जो पवित्र एवं हितकारक शुद्धि का विधान है, उसे बता रहा हूँ, सुनो।

ब्राह्मण को प्रत्येक शुद्धि के कार्य में ब्रह्मतीर्थ से आचमन करना चाहिये। थूकने और छींकने के बाद जल का स्‍पर्श (आचमन) करने से वह शुद्ध होता है। बूढ़े कुटुम्बी, दरिद्र मित्र और कुलीन पंडित यदि निर्धन हो तो उनकी यथाशक्ति रक्षा करनी चाहिये। उन्हें अपने घर पर ठहराना चाहिये। इससे धन और आयु की वृद्धि होती है। परेवा, तोता, मैना आदि पक्षियों का घर में रहना अभ्युदयकारी और मंगलमय है। ये तैलपायिक पक्षियों की भाँति अमंगल करने वाले नहीं होते। देवता की प्रतिमा, दर्पण, चंदन, फूल की लता, शुद्ध जल, सोना और चांदी- इन सब वस्तुओं का घर में रहना मंगलकारक है। उद्दीपक, गीध, कपोत (जंगली कबूतर) और भ्रमर नामक पक्षी कभी घर में आ जायें तो सदा उसकी शांति ही करानी चाहिये; क्योंकि ये अमंगलकारी होते हैं। महात्माओं की निंदा भी मनुष्य का अकल्याण करने वाली है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः