प्रेम सुधा सागर पृ. 440

श्रीप्रेम सुधा सागर

दशम स्कन्ध
(पूर्वार्ध)
पैंसठवाँ अध्याय

Prev.png

जब बलराम जी ने यमुना जी को इस प्रकार डाँटा-फटकारा, तब वे चकित और भयभीत होकर बलराम जी के चरणों पर गिर पड़ीं और गिड़गिड़ाकर प्रार्थना करने लगीं- ‘लोकाभिराम बलराम जी! महाबाहो! मैं आपका पराक्रम भूल गयी थी। जगत्पते! अब मैं जान गयी कि आपके अंशमात्र शेष जी इस सारे जगत् को धारण करते हैं। भगवन्! आप परम ऐश्वर्यशाली हैं। आपके वास्तविक स्वरूप को न जानने के कारण ही मुझसे यह अपराध बन गया है। सर्वस्वरूप भक्तवत्सल! मैं आपकी शरण में हूँ। आप मेरी भूल-चूक क्षमा कीजिये, मुझे छोड़ दीजिये’।

अब यमुना जी कि प्रार्थना स्वीकार करके भगवान बलराम जी ने उन्हें क्षमा कर दिया और फिर जैसे गजराज हथिनियों के साथ क्रीडा करता है, वैसे ही वे गोपियों के साथ जलक्रीड़ा करने लगे। जब वे यथेष्ट जल-विहार करके यमुना जी से बाहर निकले, तब लक्ष्मी जी ने उन्हें नीलाम्बर, बहुमूल्य आभूषण और सोने का सुन्दर हार दिया। बलराम जी ने नील वस्त्र पहन लिये और सोने की माला गले में डाल ली। वे अंगराग लगाकर, सुन्दर भूषणों से विभूषित होकर इस प्रकार शोभायमान हुए मानो इन्द्र का श्वेतवर्ण ऐरावत हाथी हो।

परीक्षित! यमुना जी अब भी बलराम जी के खींचे हुए मार्ग से बहती हैं और वे ऐसी जान पड़ती हैं, मानो अनन्तशक्ति भगवान बलराम जी का यश-गान कर रही हों। बलराम जी का चित्त व्रजवासिनी गोपियों के माधुर्य से इस प्रकार मुग्ध हो गया कि उन्हें समय का कुछ ध्यान न रहा, बहुत-सी रात्रियाँ एक रात के समान व्यतीत हो गयीं। इस प्रकार बलराम जी व्रज में विहार करते रहे।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

-

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः