प्रेम सुधा सागर पृ. 310

श्रीप्रेम सुधा सागर

दशम स्कन्ध
(पूर्वार्ध)
पैंतालीसवाँ अध्याय

Prev.png

तब उसके शरीर का शंख लेकर भगवान रथ पर चले आये। वहाँ से बलराम जी के साथ श्रीकृष्ण ने यमराज की प्रिय पुरी संयमनी में जाकर अपना शंख बजाया। शंख का शब्द सुनकर सारी प्रजा का शासन करने वाले यमराज ने उनका स्वागत किया और भक्तिभाव से भरकर विधिपूर्वक उनकी बहुत बड़ी पूजा की। उन्होंने नम्रता से झुककर समस्त प्राणियों के हृदय में विराजमान सच्चिदानंद-स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण से कहा - ‘लीला से ही मनुष्य बने हुए सर्वव्यापक परमेश्वर! मैं आप दोनों की क्या सेवा करूँ?’

श्री भगवान ने कहा - ‘यमराज! यहाँ अपने कर्मबन्धन के अनुसार मेरा गुरुपुत्र लाया गया है। तुम मेरी आज्ञा स्वीकार करो और उसके कर्म पर ध्यान न देकर उसे मेरे पास ले आओ।

यमराज ने ‘जो आज्ञा’ कहकर भगवान का आदेश स्वीकार किया और उनका गुरुपुत्र ला दिया। तब यदुवंश शिरोमणि भगवान श्रीकृष्ण और बलराम जी उस बालक को लेकर उज्जैन लौट आये और उसे अपने गुरुदेव को सौंपकर कहा कि ‘आप और जो कुछ चाहें, माँग लें।'

गुरु जी ने कहा - ‘बेटा! तुम दोनों ने भलीभाँति गुरु दक्षिणा दी। अब और क्या चाहिये? जो तुम्हारे जैसे पुरुषोत्तमों का गुरु है, उसका कौन-सा मनोरथ अपूर्ण रह सकता है? वीरों! अब तुम दोनों अपने घर जाओ। तुम्हें लोकों को पवित्र करने वाली कीर्ति प्राप्त हो। तुम्हारी पढ़ी हुई विद्या इस लोक और परलोक में सदा नवीन बनी रहे, कभी विस्मृत न हो।'

बेटा परीक्षित! फिर गुरु जी से आज्ञा लेकर वायु के समान वेग और मेघ के समान शब्द वाले रथ पर सवार होकर दोनों भाई मथुरा लौट आये। मथुरा की प्रजा बहुत दिनों तक श्रीकृष्ण और बलराम को न देखने से अत्यन्त दुःखी हो रही थी। अब उन्हें आया हुआ देख सब-के-सब परमानन्द में मग्न हो गये, मानो खोया हुआ धन मिल गया हो।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

-

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः