ज्ञानेश्वरी पृ. 663

श्रीज्ञानेश्वरी -संत ज्ञानेश्वर

Prev.png

अध्याय-17
श्रद्धात्रय विभाग योग


मन:प्रसाद: सौम्यत्वं मौनमात्मविनिग्रह: ।
भावसंशुद्धिरित्येतत्तपो मानसमुच्यते ॥16॥

“जैसे तरंगों के बिना सरोवर, मेघों के बिना आकाश, सर्पों के बिना चन्दनवन, कलाओं की अस्थिरता के बिना चन्द्रमा, चिन्तामुक्त हो जाने पर राजा अथवा मन्थन करने वाले मन्दराचल के बिना क्षीरसिन्धु की अवस्था होती है, वैसे ही भाँति-भाँति के संकल्प-विकल्पों के बखेड़े शान्त हो जाने पर जो मन एकमात्र आत्मरूप में स्थिर हो जाता है, सन्तापशून्य प्रकाश, जड़ताहीन रस अथवा पोलेपन से रहित अवकाश की तरह होकर जिस समय मन निज हित का साधन करके आनन्दमय स्वरूप देखता है और अपने स्वभाव का ठीक वैसे ही त्याग कर देता है, जैसे सर्दी से शून्य हो जाने वाला अवयव स्पर्श ज्ञान से रहित हो जाता है और फिर सर्दी की बाधा का अनुभव नहीं करता, उस समय मन को निष्कलंक तथा पूर्ण चन्द्रमण्डल की भाँति जो उत्तम सौन्दर्य उपलब्ध होता है, मन की उस अवस्था में वैराग्य से क्लेश नहीं के समान हो जाते हैं; मन की चंचलता का अवसान हो जाता है और एकमात्र आत्मबोध की पूर्णता ही अवशिष्ट रहती है। इसीलिये शास्त्रोपदेश करते समय जो मुख हिलाना-डुलाना पड़ता है, वह बन्द हो जाता है और वह प्रयत्न ही वाणी का सूत्र हाथ में न लेकर केवल मान स्वीकृत करता है। आत्मोपलब्धि हो जाने पर मन का मनत्व भी समाप्त हो जाता है और लवण जैसे जल में घुलकर लीन हो जाता है, वैसे ही मन भी आत्मतत्त्व में विलीन हो जाता है। फिर ऐसी स्थिति में मन के वे भाव भला उत्पन्न ही कहाँ से हो सकते हैं जो इन्द्रियों के मार्ग से दौड़कर विषयरूपी ग्राम में पहुँचते हैं? फिर जैसे करतल में बाल नहीं होते, वैसे ही मन में विषय-भावनाओं का रत्तीभर भी स्थान नहीं होता।

किंबहुना हे अर्जुन! मन की जब ऐसी स्थिति हो जाती है तब यह समझना चाहिये कि वह मन मानसिक तप का पात्र होता है। पर यह विवेचन बहुत हो चुका। मैंने इस प्रकार तुम्हें मानस तप के समस्त लक्षण बतला दिये हैं।” बस यही भगवान् श्रीकृष्ण ने कहा था। तदनन्तर वे फिर कहने लगे-“इस प्रकार शरीर, वाणी और मन के सम्बन्ध से जो तप के तीन प्रकार होते हैं, वे मैंने तुम्हें अच्छी तरह बतला दिये हैं। अब त्रिगुणों के कारण इन त्रिविध तपों के जो तीन भेद होते हैं, उसका विवेचन भी अपने बुद्धि-बल के द्वारा भली-भाँति ग्रहण करो।[1]

Next.png

टीका टिप्पडी और संदर्भ

  1. (225-239)

संबंधित लेख

श्रीज्ञानेश्वरी -संत ज्ञानेश्वर
क्रम संख्या विषय पृष्ठ संख्या
पहला अर्जुन विषाद योग 1
दूसरा सांख्य योग 28
तीसरा कर्म योग 72
चौथा ज्ञान कर्म संन्यास योग 99
पाँचवाँ कर्म संन्यास योग 124
छठा आत्म-संयम योग 144
सातवाँ ज्ञान-विज्ञान योग 189
आठवाँ अक्षर ब्रह्म योग 215
नवाँ राज विद्याराज गुह्य योग 242
दसवाँ विभूति योग 296
ग्यारहवाँ विश्व रूप दर्शन योग 330
बारहवाँ भक्ति योग 400
तेरहवाँ क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग 422
चौदहवाँ गुणत्रय विभाग योग 515
पंद्रहवाँ पुरुषोत्तम योग 552
सोलहवाँ दैवासुर सम्पद्वि भाग योग 604
सत्रहवाँ श्रद्धात्रय विभाग योग 646
अठारहवाँ मोक्ष संन्यास योग 681

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः