ज्ञानेश्वरी पृ. 188

श्रीज्ञानेश्वरी -संत ज्ञानेश्वर

Prev.png

अध्याय-6
आत्मसंयम योग


योगिनामपि सर्वेषां मद्गतेनान्तरात्मना ॥47॥
श्रद्धावान्भजते यो मां स मे युक्ततमो मत: ।
ऊँ तत्सदिति श्रीमद्भगवद्गीतासूपनिषत्सु ब्रह्मविद्यायां योगशास्त्रे
श्रीकृष्णार्जुनसंवादे आत्म-संयम योगो नाम षष्ठोऽध्यायः।।6।।

जिसे लोग योगी कहते हैं, उसे देवों का भी देव जानना चाहिये। वह न केवल मेरा सुख सर्वस्व अपितु जीवन ही होता है अर्थात् वो मेरा चैतन्य स्वरूप आत्मा ही है। भक्ति, भजन और भजनीय जो भक्ति-साधन की त्रिपुटी हैं, उनके सम्बन्ध में व्यक्ति का अखण्ड अनुभव यही होता है कि वह तीनों मैं ही हूँ। उस व्यक्ति में और मुझ में आपस की जो प्रीति होती है, हे सुभद्रापति! वह वर्णनातीत है। उसमें जो तन्मयता होती है, यदि उसके लिये किसी ऐसी उपमा की जरूरत हो जो प्रेम की दृष्टि से उचित जान पड़े, तो उसकी यही उपमा हो सकती है कि मैं देह हूँ और वह आत्मा है।” इस प्रकार भक्त-चकोर चन्द्र, सद्गुण-सिन्धु और त्रिलोकी के एकमात्र नरेन्द्र श्रीकृष्ण ने पृथापुत्र अर्जुन से जो कुछ कहा था, वह सब संजय ने धृतराष्ट्र को एक-एक करके बतला दिया। उस समय तक श्रीकृष्ण यह बात समझ चुके थे कि शुरु से ही अर्जुन में उपदेश सुनने की जो उत्कण्ठा थी, वह अब द्विगुणित हो गयी है। इसलिये श्रीकृष्ण के चित्त में बहुत ही संतोष हुआ। श्रीकृष्ण को यह जानकर अत्यन्त आनन्द हुआ कि जैसे दर्पण में प्रतिच्छाया दृष्टिगोचर होती है‚ वैसे ही अर्जुन की मुद्रा पर मेरे उपदेश की भी प्रतिछाया दीख रही है और उसी आनन्द के कारण वे अब यह विषय और भी विस्तार से अर्जुन को बतलावेंगे।

अगला अध्याय उसी प्रसंग से सम्बन्धित होगा। वह प्रसंग शान्त रस से इतना सराबोर होगा कि उसमें महासिद्धान्तरूपी बीजों में अंकुर निकलते हुए दृष्टिगोचर होंगे। इसका प्रमुख कारण यह है कि सात्त्विक भावनाओं की वृष्टि से आत्मभावनारूपी ढेले फूट गये हैं और श्रोताओं के चतुर चित्तरूपी क्यारियाँ बीज धारण करने के लिये तैयार हो गयी हैं। तिस पर चित्त की एकतानता को स्वर्ण के सदृश प्राप्त होने के कारण श्रीनिवृत्तिनाथ के चित्त में भी सिद्धान्तरूपी बीज-वपन का उत्साह उमड़ पड़ा है। इसीलिये यह निवृत्तिनाथ का दास ज्ञानदेव कहता है कि श्रोतागण, इस बीज बोने के काम में मुझे श्रीसद्गुरु ने बीज रखने वाला चोंगा बनाया है तथा मेरे सिर पर हाथ रखकर मेरे अन्तःकरण में बोये जाने वाले बीज डाले हैं। इसीलिये मेरे मुख से जो-जो बातें निकलती हैं, वह सन्तों के अन्तःकरण में तुरन्त ही अच्छी तरह बैठ जाती है। परन्तु बहुत कुछ विषयान्तर हो चुका। अब मैं यह बतलाऊँगा कि श्रीकृष्ण ने इसके बाद अर्जुन से और क्या कहा। परन्तु श्रोताजनों को वे सारी बातें मन के कानों से सुननी चाहिये, बुद्धि की आँखों से देखनी चाहिये और अपना चित्त मुझे सौंपकर मेरी बातें ग्रहण करनी चाहिये। फिर सतर्कता के हाथों से इन सब बातों को उठाकर अपने अन्तःकरण के भीतरी भाग में रखनी चाहिये, तब कहीं जाकर सज्जनों की वासना पूरी होगी। ये बातें आत्मकल्याण को प्राप्त कराती हैं, परिणाम में चैतन्यता लाती हैं और जीवों पर सुखरूपी फूलों की लखौरी माला चढ़ाती है। अब अर्जुन के साथ श्रीमुकुन्द का जो उत्तम संवाद हुआ था, वह मैं श्रोताओं को बतलाया हूँ।[1]


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. (482-497)

संबंधित लेख

श्रीज्ञानेश्वरी -संत ज्ञानेश्वर
क्रम संख्या विषय पृष्ठ संख्या
पहला अर्जुन विषाद योग 1
दूसरा सांख्य योग 28
तीसरा कर्म योग 72
चौथा ज्ञान कर्म संन्यास योग 99
पाँचवाँ कर्म संन्यास योग 124
छठा आत्म-संयम योग 144
सातवाँ ज्ञान-विज्ञान योग 189
आठवाँ अक्षर ब्रह्म योग 215
नवाँ राज विद्याराज गुह्य योग 242
दसवाँ विभूति योग 296
ग्यारहवाँ विश्व रूप दर्शन योग 330
बारहवाँ भक्ति योग 400
तेरहवाँ क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग 422
चौदहवाँ गुणत्रय विभाग योग 515
पंद्रहवाँ पुरुषोत्तम योग 552
सोलहवाँ दैवासुर सम्पद्वि भाग योग 604
सत्रहवाँ श्रद्धात्रय विभाग योग 646
अठारहवाँ मोक्ष संन्यास योग 681

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः