महाभारत उद्योग पर्व अध्याय 191 श्लोक 1-19

एकनवत्यधिकशततम (191) अध्‍याय: उद्योग पर्व (अम्बोपाख्‍यान पर्व)

Prev.png

महाभारत: उद्योग पर्व: एकनवत्यधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद

द्रुपद पत्नी का उत्तर, द्रुपद के द्वारा नगर रक्षा की व्यवस्था और देवाराधान तथा शिखण्डिनी का वन में जाकर स्थूणाकर्ण नामक यक्ष से अपने दु:खनिवारण के लिये प्रार्थना करना

भीष्‍मजी कहते हैं- महाबाहु नरेश्‍वर! तब शिखण्‍डी की माता ने अपने पति से यथार्थ रहस्य बताते हुए कहा- ‘यह पुत्र शिखण्‍डी नहीं, शिखण्डिनी नाम वाली कन्या है।‘राजन! पुत्र रहित होने के कारण मैंने अपनी सौतों के भय से इस कन्या शिखण्डिनी के जन्म लेने पर भी इसे पुत्र ही बताया। ‘नरश्रेष्‍ठ! आपने भी प्रेमवश मेरे इस कथन का अनुमोदन किया और महाराज! कन्या होने पर भी आपने इसका पुत्रोचित संस्कार किया। 'राजन! मेरे ही कथन पर विश्‍वास करके आप दशार्णराज की पुत्री को इसकी पत्नी बनाने के लिये ब्याह लाये। महादेवजी के वरदान वाक्य पर दृष्टि रखने के कारण मैंने इसके विषय में पुत्र होने की घोषणा की थी। महादेवजी ने कहा था कि पहले कन्या होगी, फिर वहीं पुत्र हो जायगा। इसीलिये इस वर्तमान संकट की उपेक्षा की गयी।'

यह सुनकर यज्ञसेन द्रुपद ने मन्त्रियों को सब बातें ठीक-ठीक बता दीं। राजन! तत्पश्‍चात प्रजा की रक्षा के लिये जैसी व्यवस्था उचित है, उसके लिये उन्होंने पुन: मन्त्रियों के साथ गुप्त मन्त्रणा की। नरेन्द्र! यद्यपि राजा द्रुपद ने स्वयं ही वञ्चना की थी, तथापि दशार्णराज के साथ सम्बन्ध और प्रेम बनाये रखने की इच्छा करके एकाग्रचित्त से मन्त्रणा करते हुए वे एक निश्‍चय पर पहुँच गये। भरतनन्दन राजेन्द्र! यद्यपि वह नगर स्वभाव से ही सुरक्षित था, त‍थापि उस विपत्ति के समय उसको सब प्रकार से सजा करके उन्होंने उसकी रक्षा के लिये विशेष व्यवस्था की। भरतश्रेष्‍ठ! दशार्णराज के साथ विरोध की भावना होने पर रानी सहित राजा द्रुपद को बड़ा कष्‍ट हुआ। अपने सम्बन्धी के साथ मेरा महान युद्ध कैसे टल जाय- यह मन-ही-मन विचार करके उन्होंने देवता की अर्चना आरम्भ कर दी। राजन! राजा द्रुपद को देवाराधन में तत्पर देख महारानी ने पूजा चढा़ते हुए नरेश से इस प्रकार कहा-।

‘देवताओं की आराधना साधु पुरुषों के लिये सदा ही सत्य, उत्तम है। फिर जो दु:ख के समुद्र में डूबा हुआ हो, उसके लिये तो कहना ही क्या है। अत: आप गुरुजनों और सम्पूर्ण देवताओं का पूजन करें, ब्राह्मणों को पर्याप्त दक्षिणा दें और दशार्णराज के लौट जाने के लिये अग्नियों में होम करें ‘प्रभो! मन-ही-मन यह चिन्तन कीजिये कि दशार्णराज बिना युद्ध किये ही लौट जायं। देवताओं के कृपा प्रसाद से यह सब कुछ सिद्ध हो जायगा ‘विशाललोचन नरेश! आपने इस नगर की रक्षा के लिये मन्त्रियों के साथ जैसा विचार किया है वैसा ही कीजिये। ‘भूपाल! पुरुषार्थ से संयुक्त होने पर ही दैव विशेषरूप से सिद्धि को प्राप्त होता है।

दैव और पुरुषार्थ में परस्परविरोध होने पर इन दोनों की ही सिद्धि नहीं होती। ‘राजन! अत: आप मन्त्रियों के साथ नगर की रक्षा के लिये आवश्‍यक व्यवस्था करके इच्छानुसार देवताओं की अर्चना कीजिये।' इन दोनों को इस प्रकार शोकमग्न होकर बातचीत करते देख उनकी तपस्विनी पुत्री शिखण्डिनी लज्जित-सी होकर इस प्रकार चिन्ता करने लगी- ‘ये मेरे माता और पिता दोनों मेरे ही कारण दुखी हो रहे हैं।’ ऐसा सोचकर उसने प्राण त्याग देने का‍ विचार किया। इस प्रकार जीवन का अन्त कर देने का निश्‍चय करके वह अत्यन्त शोकमग्न होकर घर छोड़कर निर्जन एवं गहन वन-में चली गयी।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः