श्रीमद्भागवत महापुराण दशम स्कन्ध अध्याय 84 श्लोक 65-71

दशम स्कन्ध: चतुरशीतितम अध्याय (पूर्वार्ध)

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: दशम स्कन्ध: चतुरशीतितम अध्याय श्लोक 65-71 का हिन्दी अनुवाद


श्रीशुकदेव जी कहते हैं- परीक्षित! इस प्रकार कहते-कहते वसुदेव जी का हृदय प्रेम से गद्गद हो गया। उन्हें नन्दबाबा की मित्रता और उपकार स्मरण हो आये। उनके नेत्रों में प्रेमाश्रु उमड़ आये, वे रोने लगे।

नन्द जी अपने सखा वसुदेव जी को प्रसन्न करने के लिये एवं भगवान श्रीकृष्ण और बलराम जी के प्रेमपाश में बँधकर आज-कल करते-करते तीन महीने तक वहीं रह गये। यदुवंशियों ने जी भर उनका सम्मान किया। इसके बाद बहुमूल्य आभूषण, रेशमी वस्त्र, नाना प्रकार की उत्तमोत्तम सामग्रियों और भोगों से नन्दबाबा को, उनके व्रजवासी साथियों को और बन्धु-बान्धवों को खूब तृप्त किया।

वसुदेव जी, उग्रसेन, श्रीकृष्ण, बलराम, उद्धव आदि यदुवंशियों ने अलग-अलग उन्हें अनेकों प्रकार की भेंटें दीं। उनको विदा करने पर उन सब सामग्रियों को लेकर नन्दबाबा, अपने व्रज के लिये रवाना हुए। नन्दबाबा, गोपों और गोपियों का चित्त भगवान श्रीकृष्ण के चरणकमलों में इस प्रकार लग गया कि वे फिर प्रयत्न करने पर भी उसे वहाँ से लौटा न सके। सुतरां बिना ही मन के उन्होंने मथुरा की यात्रा की।

जब सब बन्धु-बान्धव वहाँ से विदा हो चुके, तब भगवान श्रीकृष्ण को ही एकमात्र इष्टदेव मानने वाले यदुवंशियों ने यह देखकर कि वर्षा ऋतु आ पहुँची है, द्वारका के लिये प्रस्थान किया। वहाँ जाकर उन्होंने सब लोगों से वसुदेव जी के यज्ञ महोत्सव, स्वजन-सम्बन्धियों के दर्शन-मिलन आदि तीर्थयात्रा के प्रसंगों को कह सुनाया।

Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः