श्रीमद्भागवत महापुराण दशम स्कन्ध अध्याय 24 श्लोक 31-38

दशम स्कन्ध: चतुर्विंश अध्यायः अध्याय (पूर्वार्ध)

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: दशम स्कन्ध: चतुर्विंश अध्यायः श्लोक 31-38 का हिन्दी अनुवाद


श्री शुकदेव जी कहते हैं - परीक्षित! कालात्मा भगवान की इच्छा थी कि इन्द्र का घमण्ड चूर-चूर कर दें। नन्दबाबा आदि गोपों ने उनकी बात सुनकर बड़ी प्रसन्नता से स्वीकार कर ली। भगवान श्रीकृष्ण ने जिसे प्रकार का यज्ञ करने को कहा था, वैसा ही यज्ञ उन्होंने प्रारम्भ किया। पहले ब्राह्मणों से स्वस्ति वाचन कराकर उसी सामग्री से गिरिराज और ब्राह्मणों को सादर भेंट दीं तथा गौओं को हरी-हरी घास खिलायीं।

इसके बाद नन्दबाबा आदि गोपों ने गौओं को आगे करके गिरिराज की प्रदक्षिणा की। ब्राह्मणों का आशीर्वाद प्राप्त करके वे और गोपियाँ भलीभाँति श्रृंगार करके और बैलों से जुती गाड़ियों पर सवार होकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का गान करती हुई गिरिराज की परिक्रमा करने लगीं। भगवान श्रीकृष्ण गोपों को विश्वास दिलाने के लिये गिरिराज के ऊपर एक दूसरा विशाल शरीर धारण करके प्रकट हो गये, तथा ‘मैं गिरिराज हूँ।' इस प्रकार कहते हुए सारी सामग्री आरोगने लगे।

भगवान श्रीकृष्ण ने अपने उस स्वरूप को दूसरे व्रजवासियों के साथ स्वयं भी प्रणाम किया और कहने लगे - ‘देखो, कैसा आश्चर्य है! गिरिराज ने साक्षात प्रकट होकर हम पर कृपा की है। ये चाहे जैसा रूप धारण कर सकते हैं। जो वनवासी जीव इनका निरादर करते हैं, उन्हें ये नष्ट कर डालते हैं। आओ, अपना और गौओं का कल्याण करने के लिये इन गिरिराज को हम नमस्कार करें।' इस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणा से नन्दबाबा आदि बड़े-बड़े गोपों ने गिरिराज, गौ और ब्राह्मणों का विधिपूर्वक पूजन किया तथा फिर श्रीकृष्ण के साथ सब व्रज में लौट आये ।

Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः