श्रीमद्भागवत महापुराण दशम स्कन्ध अध्याय 13 श्लोक 57-64

दशम स्कन्ध: त्रयोदश अध्याय (पूर्वार्ध)

Prev.png

श्रीमद्भागवत महापुराण: दशम स्कन्ध: त्रयोदश अध्यायः श्लोक 57-64 का हिन्दी अनुवाद


परीक्षित! भगवान का स्वरूप तर्क से परे है। उसकी महिमा असाधारण है। वह स्वयं प्रकाश, आनन्दस्वरूप और माया से अतीत है। वेदान्त भी साक्षात रूप से उनका वर्णन करने में असमर्थ हैं, इसलिए उससे भिन्न का निषेध करके आनन्दस्वरूप ब्रह्म का किसी प्रकार कुछ संकेत करता है। यद्यपि ब्रह्मा जी समस्त विद्याओं के अधिपति हैं, तथापि भगवान के दिव्यस्वरूप को वे तनिक भी न समझ सके कि यह क्या है। यहाँ तक कि वे भगवान के उन महिमामय रूपों को देखने में भी असमर्थ हो गये। उनकी आँखें मुँद गयीं। भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रह्मा के इस मोह और असमर्थता को जानकर बिना किसी प्रयास के तुरंत अपनी माया का परदा हटा दिया। इससे ब्रह्मा जी को बाह्यज्ञान हुआ। वे मानो मरकर फिर जी उठे।

सचेत होकर उन्होंने ज्यों-त्यों करके बड़े कष्ट से अपने नेत्र खोले। तब कहीं उन्हें अपना शरीर और यह जगत दिखायी पड़ा। फिर ब्रह्मा जी जब चारों ओर देखने लगे, तब पहले दिशाएँ और उसके बाद तुरंत ही उनके सामने वृन्दावन दिखायी पड़ा। वृन्दावन सबके लिए एक-सा प्यारा है। जिधर देखिये, उधर ही जीवों को जीवन देने वाले फल और फूलों से लदे हुए, हरे-हरे पत्तों से लहलहाते हुए वृक्षों की पाँतें शोभा पा रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि होने के कारण वृन्दावन धाम में क्रोध, तृष्णा आदि दोष प्रवेश नहीं कर सकते और वहाँ स्वभाव से ही परस्पर दुस्त्य्ज बैर रखने वाले मनुष्य और पशु-पक्षी भी प्रेमी मित्रों के सामान हिल-मिलकर एक साथ रहते हैं।

ब्रह्मा जी ने वृन्दावन का दर्शन करने के बाद देखा कि अद्वितीय परब्रह्म गोपवंश के बालक का-सा नाट्य कर रहा है। एक होने पर भी उसके सखा हैं, अनन्त होने पर भी वह इधर-उधर घूम रहा है और उसका ज्ञान अगाध होने पर भी वह अपने ग्वालबाल और बछड़ों को ढूँढ रहा है। ब्रह्मा जी ने देखा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण पहले अपने हाथ में दही-भात का कौर लिये उन्हें ढूंढ रहे थे, वैसे ही अब भी अकेले ही उनकी खोज में लगे हैं। भगवान को देखते ही ब्रह्मा जी अपने वाहन हंस पर से कूद पड़े और सोने के समान चमकते हुए अपने शरीर से पृथ्वी पर दण्ड की भाँति गिर पड़े। उन्होंने अपने चारों मुकुटों के अग्रभाग से भगवान के चरण-कमलों का स्पर्श करके नमस्कार किया और आनन्द के आँसुओं की धारा से उन्हें नहला दिया।

वे भगवान श्रीकृष्ण की पहले देखी हुई महिमा का बार-बार स्मरण करते, उनके चरणों पर गिरते और उठ-उठकर फिर-फिर गिर पड़ते। इसी प्रकार बहुत देर तक वे भगवान के चरणों में ही पड़े रहे। फिर धीरे-धीरे उठे और अपने नेत्रों के आँसू पोंछे। प्रेम और मुक्ति के एकमात्र उद्गम भगवान को देखकर उनका सिर झुक गया। वे काँपने लगे। अंजलि बाँधकर बड़ी नम्रता और एकाग्रता के साथ गद्गद वाणी से वे भगवान की स्तुति करने लगे।

Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः