श्रीमद्भगवद्गीता -श्रील् प्रभुपाद पृ. 395

श्रीमद्भगवद्गीता यथारूप -श्री श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद

Prev.png

परम गुह्य ज्ञान
अध्याय-9 : श्लोक-10


मयाध्यक्षेण प्रकृतिः सूयते सचराचरम्।
हेतुनानेन कौन्तेय जगद्विपरिवर्तते।।[1]

भावार्थ

हे कुन्ती पुत्र! यह भौतिक प्रकृति मेरी शक्तियों में से एक है और मेरी अध्यक्षता में कार्य करती है, जिससे सारे चार तथा अचर प्राणी उत्पन्न होते हैं। इसके शासन में यह जगत बारम्बार सृजित और विनष्ट होता रहता है।

तात्पर्य

यहाँ यह स्पष्ट कहा गया है कि यद्यपि परमेश्वर इस जगत् के समस्त कार्यों से पृथक रहते हैं, किन्तु इसके परम अध्यक्ष (निर्देशक) वही बने रहते हैं। परमेश्वर परम इच्छामय हैं और इस भौतिक जगत् के आधार भूमि स्वरूप हैं, किन्तु इसकी सभी व्यवस्था प्रकृति द्वारा की जताई है। भगवद्गीता में भी कृष्ण यह कहते हैं– “मैं विभिन्न योनियों और रूपों वाले जीवों का पिता हूँ।” जिस प्रकार पिता बालक उत्पन्न करने के लिए माता के गर्भ में वीर्य स्थापित करता है, उसी प्रकार परमेश्वर अपनी चितवन मात्र से प्रकति के गर्भ में जीवों को प्रविष्ट करते हैं और वे अपनी अन्तिम इच्छाओं तथा कर्मों के अनुसार विभिन्न रूपों तथा योनियों में प्रकट होते हैं। अतः भगवान् इस जगत् से प्रत्यक्ष रूप में आसक्त नहीं होते। वे प्रकृति पर दृष्टिपात करते हैं, इस तरह प्रकृति क्रियाशील हो उठती है और तुरन्त ही सारी वस्तुएँ उत्पन्न हो जाती हैं। चूँकि वे प्रकृति पर दृष्टिपात करते हैं, इसलिए परमेश्वर की ओर से तो निःसन्देह क्रिया होती है, किन्तु भौतिक जगत के प्राकट्य से उन्हें कुछ लेना-देना नहीं रहता। स्मृति में एक उदाहरण मिला है जो इस प्रकार है– जब किसी व्यक्ति के समक्ष फूल होता है तो उसे उसकी सुगन्धि मिलती रहती है, किन्तु फूल और सुगन्धि एक दूसरे से विलग रहते हैं। ऐसा ही सम्बन्ध भौतिक जगत् तथा भगवान के बीच भी है। वस्तुतः भगवान को इस जगत से कोई प्रयोजन नहीं रहता, किन्तु वे ही इसे अपनी दृष्टिपात से उत्पन्न करते तथा व्यवस्थित करते हैं। सारांश के रूप में हम कह सकते हैं कि परमेश्वर की अध्यक्षता के बिना प्रकृति कुछ भी नहीं कर सकती। तो भी भगवान समस्त कार्यों से पृथक रहते हैं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. मया–मेरे द्वारा; अध्यक्षेण–अध्यक्षता के कारण; प्रकृतिः–प्रकृति; सूयते–प्रकट होती है; स–सहित; चर-अचरम्–जड़ तथा जंगम; हेतुना–कारण से; अनेन–इस; कौन्तेय–हे कुन्तीपुत्र; जगत्–दृश्य जगत; विपरिवर्तते–क्रियाशील है।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः