श्रीमद्भगवद्गीता साधक-संजीवनी हिन्दी-टीका -स्वामी रामसुखदास
एकादश अध्याय
इत्यर्जुनं वासुदेवस्तथोक्त्वा स्वकं रूपं दर्शयामास भूयः । अर्थ- संजय बोले- वासुदेव भगवान ने अर्जुन से ऐसा कहकर फिर उसी प्रकार से अपना रूप (देवरूप) दिखाया और महात्मा श्रीकृष्ण ने पुनः सौम्यवपु (द्विभुजरूप) होकर इस भयभीत अर्जुन को आश्वासन दिया। व्याख्या- ‘इत्यर्जुनं वासुदेवस्तथोक्त्वा स्वकं रूपं दर्शयामास भूयः’- अर्जुन ने जब भगवान से चतुर्भुज रूप होने के लिए प्रार्थना की, तब भगवान ने कहा कि मेरे इस विश्वरूप को देखकर तू व्यथित और भयभीत मत हो। तू प्रसन्न मन वाला होकर मेरे इस रूप को देख।[1] भगवान के इसी कथन को संजय ने यहाँ ‘इत्यर्जुनं वासुदेवस्तथोक्त्वा’ पदों से कहा है। ‘तथा’ कहने का तात्पर्य है कि जिस प्रकार कृपा के परवश होकर भगवान ने अपना विश्वरूप दिखाया था, उसी प्रकार कृपा के परवश होकर भगवान ने अर्जुन को चतुर्भुज रूप दिखाया। इस चतुर्भुज रूप को देखने में अर्जुन की कोई साधना हो, योग्यता हो- यह बात नहीं है, प्रत्युत भगवान की कृपा ही कृपा है। ‘भूयः’ कहने का तात्पर्य है, जिस देवरूप (चतुर्भुजरूप) को अर्जुन ने विश्वरूप के अंतर्गत देखा था[2] और जिसे दिखाने के लिए अर्जुन ने प्रार्थना की थी[3], वही रूप भगवान ने फिर दिखाया। ‘आश्वासयामास च भीतमेनं भूत्वा पुनः सौम्यवपुर्महात्मा’- भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को पहले चतुर्भुज रूप दिखाया। फिर अर्जुन की प्रसन्नता के लिए महात्मा भगवान श्रीकृष्ण पुनः द्विजरूप (मनुष्य रूप) से प्रकट हो गए और उन्होंने विश्वरूप को देखने से भयभीत हुए अर्जुन को आश्वासन दिया। भगवान श्रीकृष्ण द्विभुज थे या चतुर्भुज? इसका उत्तर है कि भगवान हरदम द्विभुजरूप से ही रहते थे, पर समय-समय पर जहाँ उचित समझते थे, वहाँ चतुर्भुज रूप हो जाते थे। दसवें और ग्यारहवें अध्याय में भगवान ने अपनी विभूतियों का वर्णन करने में भी अपनी महत्ता, प्रभाव सामर्थ्य को बताया है और अपने अत्यंत विलक्षण विश्वरूप को दिखाने में भी अपने प्रभाव को बताया है। अगर मनुष्य भगवान के ऐसे महान प्रभाव को जान ले अथवा मान ले, तो उसका संसार में आकर्षण नहीं रहे। वह सदा के लिए संसार-बंधन से छूट जाए। अर्जुन पर भगवान कितनी अद्भुत कृपा है कि भगवान ने पहले विश्वरूप दिखाया, फिर देवरूप (चतुर्भुज रूप) दिखाया और फिर मानुषरूप (द्विभुजरूप) हो गए। इसके साथ-साथ भगवान ने हम लोगों पर भी कितनी अलौकिक विलक्षण कृपा की है कि जहाँ-कहीं जिस किसी विशेषता को लेकर हमारा मन चला जाए, वहीं हम भगवान का चिन्तन कर सकते हैं और भगवान के विश्वरूप का पठन-पाठन, चिन्तन कर सकते हैं। इन भयंकर समय में हमें भगवान की विभूतियों तथा विश्वरूप के चिन्तन आदि का जो मौका मिला है, इसमें हमारा उद्योग, योग्यता कारण नहीं है, प्रत्युत भगवान की कृपा ही कारण है। भगवान की इस कृपा को देखकर हमें प्रसन्न हो जाना चाहिए। इन विभूतियों को सुनने और विश्वरूप के चिन्तन-स्मरण का मौका तो उस समय भी संजय आदि बहुत थोड़े लोगों को ही मिला था। वही मौका आज हमें प्राप्त हुआ है। अतः ऐसे मौके को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। संबंध- भगवान मनुष्य रूप होकर जब अर्जुन को आश्वासन दिया, तब अर्जुन बोले- |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ गीता 11:49
- ↑ 11।15, 17
- ↑ 11।45-46
संबंधित लेख
श्लोक संख्या | विषय | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज