महाभारत स्त्री पर्व अध्याय 8 श्लोक 39-53

अष्‍टम (8) अध्याय: स्त्री पर्व (जलप्रदानिक पर्व)

Prev.png

महाभारत: स्त्री पर्व: अष्‍टम अध्याय: श्लोक 39-53 का हिन्दी अनुवाद

प्रभो! नारद जी की वह बात सुनकर उस समय पाण्‍डव बहुत चिन्तित हो गये थे। इस प्रकार मैंने तुमसे देवताओं का यह सारा सनातन रहस्‍य बताया है, जिससे किसी तरह तुम्‍हारे शोक का नाश हो। तुम अपने प्राणों पर दया कर सको और देवताओं का विधान समझकर पाण्‍डु के पुत्रों पर तुम्‍हारा स्‍नेह बना रहे। महाबाहो! यह बात मैंने बहुत पहले ही सुन रखी थी और क्रतुश्रेष्‍ठ राजसूय में धर्मराज युधिष्ठिर को बता भी दी थी। मेरे द्वारा उस गुप्‍त रहस्‍य के बता दिये जाने पर धर्म पुत्र युधिष्ठिर ने बहुत प्रयत्न किया कि कौरवों में परस्‍पर कलह न हो; परन्‍तु दैव का ‍विधान बड़ा प्रबल होता है। राजन! दैव अथवा काल के विधान का चराचर प्राणियों में से कोई भी किसी तरह लाँघ नहीं सकता। भरतनन्‍दन! तुम धर्मपरायण और बुद्धि में श्रेष्‍ठ हो। तुम्‍हें प्राणियों के आवागमन का रहस्‍य भी ज्ञात है, तो भी क्‍यों मोह के वशीभूत हो रहे हो? तुम्‍हें बारंबार शोक से संतप्‍त और मोहित हो जानकर राजा युधिष्ठिर अपने प्राणों का भी परित्‍याग कर देंगे। राजेन्‍द्र! वीर युधिष्ठिर पशु-पक्षी आदि योनि के प्राणियों पर भी सदा दयाभाव बनाये रखते हैं; फिर तुम पर वे कैसे दया नहीं करेंगे? अत: भारत! मेरी आज्ञा मानकर, विधाता का विधान टल नहीं सकता, ऐसा समझकर तथा पाण्‍डवों पर करुणा करके तुम अपने प्राण धारण करो। तात! ऐसा बर्ताव करने से संसार में तुम्‍हारी कीर्ति बढ़ेगी, महान धर्म और अर्थ की सिद्धि होगी तथा दीर्घकाल तक तपस्‍या करने का तुम्‍हें फल प्राप्‍त होगा। महाभाग! प्रज्‍वलित आग के समान जो तुम्‍हें यह पुत्र शोक प्राप्‍त हुआ है, इसे विचार रुपी जल के द्वारा सदा के ‍लिये बुझा दो।

वैशम्‍पायन जी कहते हैं- राजन! अमित तेजस्‍वी व्‍यास जी का यह वचन सुनकर राजा धृतराष्ट्र दो घड़ी तक कुछ सोच-विचार करते रहे; फिर इस प्रकार बोले- ‘विप्रवर! मुझे महान शोक जाल ने सब ओर से जकड़ रखा है। मैं अपने आप को ही नहीं समझ पा रहा हूँ। मुझे बारंबार मूर्छा आ जाती है। ‘अब आपका यह वचन सुनकर कि सब कुछ देवताओं की प्रेरणा से हुआ है, मैं अपने प्राण धारण करुँगा और यथाशक्ति इस बात के लिये भी प्रयत्न करुँगा कि मुझे शोक न हो’। राजेन्‍द्र! धृतराष्ट्र का यह वचन सुनकर सत्‍यवतीनन्‍दन व्‍यास वहीं अन्‍तर्धान हो गये।


इस प्रकार श्री महाभारत स्त्रीपर्व के अन्‍तर्गत जलप्रदानिकपर्व में धृतराष्‍ट्र के शोक का निवारण विषयक आठवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः