महाभारत स्त्री पर्व अध्याय 2 श्लोक 15-30

द्वितीय (2) अध्याय: स्त्री पर्व (जलप्रदानिक पर्व)

Prev.png

महाभारत: स्त्री पर्व: द्वितीय अध्याय: श्लोक 15-30 का हिन्दी अनुवाद

भरतश्रेष्ठ! इन्‍द्र उन वीरों के लिये इच्‍छानुसार भोग प्रदान करने वाले लोकों की व्‍यवस्‍था करेंगे। वे सब-के-सब इन्‍द्र के अतिथि होंगे। युद्ध में मारे गये शूरवीर जितनी सुगमतासे स्‍वर्ग लोक में जाते हैं, उतनी सुविधा से मनुष्‍य प्रचुर दक्षिणा वाले यज्ञ, तपस्या और विद्या द्वारा भी नहीं जा सकते। शूरवीरों के शरीर रुपी अग्नियों में उन्‍होंने बाणों की आहुतियाँ दी हैं और उन तेजस्‍वी वीरों ने एक-दूसरे की शरीराग्नियों में होम किये जाने वाले बाणों को सहन किया है। राजन! इसलिये मैं आपसे कहता हूँ कि क्षत्रिय के लिये इस जगत में धर्मयुद्ध से बढ़कर दूसरा कोई स्‍वर्ग प्राप्ति का उत्तम मार्ग नहीं है। वे महामनस्‍वी वीर क्षत्रिय युद्ध में शोभा पाने वाले थे, अत: उन्‍होंने अपनी कामनाओं के अनुरुप उत्तम लोक प्राप्‍त किये हैं। उन सबके लिये शोक करना तो किसी प्रकार उचित ही नहीं है। पुरुषप्रवर! आप स्‍वयं ही अपने मन को सान्‍त्‍वना देकर शोक का प्ररित्‍याग कीजिये।

आज शोक से व्‍याकुल होकर अपने शरीर का त्‍याग नहीं करना चाहिये। हम लोगों ने बारंबार संसार में जन्‍मलेकर सहस्रों माता-पिता सैकड़ों स्त्री-पुत्रों के सुख का अनुभव किया है; परन्‍तु आज वे किसके हैं अथवा हम उनमें से किसके हैं? शोक के हजारों स्‍थान हैं और भय के भी सैकड़ों स्‍थान हैं। वे प्रतिदिन मूढ़ मनुष्‍य पर ही अपना प्रभाव डालते हैं, विद्वान पुरुष पर नहीं। कुरुश्रेष्ठ! काल का किसी से प्रेम है और न किसी से द्वेष, उसका कहीं उदासीन भाव भी नहीं है। काल सभी को अपने पास खींच लेता है। काल ही प्राणियों को पकाता है, काल ही प्रजाओं का संहार करता है और काल ही सबके सो जाने पर भी जागता रहता है। काल का उल्‍लंघन करना बहुत ही कठिन हैं। रुप, जवानी, जीवन, धन का संग्रह, अरोग्‍य तथा प्रियजनों का एक साथ निवास- ये सभी अनित्‍य हैं, अत: विद्वान पुरुष इन में कभी आसक्त न हो। जो दु:ख सारे देश पर पड़ा है, उसके लिये अकेले आपको ही शोक करना उचित नहीं हैं। शोक करते-करते कोई मर जाय तो भी उसका वह शोक दूर नहीं होता है। यदि अपने में पराक्रम देखे तो शोक न करते हुए शोक के कारण का निवारण करने की चेष्ठा करे। दु:ख को दूर करने के लिये सबसे अच्‍छी दवा यही है कि उसका चिन्‍तन छोड़ दिया जाय, चिन्‍तन करने से दु:ख कम नहीं होता बल्कि और भी बढ़ जाता है। मन्‍दबुद्धि मनुष्‍य ही अप्रिय वस्‍तु का संयोग और प्रिय वस्‍तु का वियोग होने पर मानसिक दु:ख से दग्‍ध होने लगते हैं। जो आप यह शोक कर रहे हैं, यह न अर्थ का साधक है, न धर्म का और न सुख का ही। इसके द्वारा मनुष्‍य अपने कर्त्तव्‍य पथ से तो भ्रष्‍ट होता ही है, धर्म, अर्थ और कामरुप त्रिवर्ग से भी वञ्चित हो जाता है। धन की भिन्न-भिन्न अवस्‍था विशेष को पाकर असंतोषी मनुष्‍य तो मोहित हो जाते हैं; परन्‍तु विद्वान पुरुष सदा संतुष्‍ट ही रहते हैं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः