महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 59 श्लोक 67-80

एकोनषष्टित्तम (59) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व : एकोनषष्टित्तम अध्याय: श्लोक 67-80 का हिन्दी अनुवाद

मनुष्य अकेला होकर भी किस प्रकार उत्थान (उन्नति) करें? इसका विचार, सत्यता, उत्सवों और समाजों में मधुर वाणी का प्रयोग तथा गृहसम्बन्धी क्रियाएँ-इन सबका वर्णन किया गया हैं। भरतवंश के सिंह युधिष्ठिर! समस्त न्यायालयों में जो प्रत्यक्ष और परोक्ष विचार होतें हैं तथा वहाँ जो राजकीय पुरुषों के व्यवहार होते हैं, उन सबका प्रतिदिन निरीक्षण करना चाहिये। इसका भी उक्त शास्त्र में उल्लेख हैं। ब्राह्मणों को दण्ड न देने का, अपराधियों को युक्तिपूर्वक दण्ड देने का, अपने पीछे जिनकी जीविका चलती हो उनकी, अपने जाति-भाइयों की तथा गुणवान् पुरुषों की भी उन्नति करने का उस ग्रन्थ में उल्लेख है। राजन्! पुरवासियों की रक्षा, राज्य की वृद्धि तथा द्वादश[1] राजमण्ड़लों के विषय में जो चिन्तन किया जाता हैं, उसका भी इस ग्रन्थ में उल्लेख हुआ है। वैद्यक शास्त्र के अनुसार बहत्तर प्रकार की शारीरिक चिकित्सा तथा देश, जाति और कुल के धर्मों का भी भली-भाँति वर्णन किया गया है। प्रचुर दक्षिणा देने वाले युधिष्ठिर! इस ग्रन्थ में धर्म अर्थ, काम और मोक्ष का, इनकी प्राप्ति के उपायों का तथा नाना प्रकार की धन-लिप्साका भी वर्णन है। इस ग्रन्थ में कोश की वृद्धि करने वाले जो कृषि, वाणिज्य आदि मूल कर्म हैं, उनके करने का प्रकार बताया गया है। माया के प्रयोग की विधि समझायी गयी है। स्त्रोंतजल और अस्थिरजल के दोषों का वर्णन किया गया हैं।

राजसिंह! जिन-जिन उपायों द्वारा यह जगत् सन्मार्ग से विचलित न हो, उन सबका इस नीतिशास्त्र में प्रतिपादन किया गया है। इस शुभ शास्त्र का निर्माण करके जगत् स्वामी भगवान ब्रह्मा बड़े प्रसन्न हुए और इन्द्र आदि सम्पूर्ण देवताओं से इस प्रकार बोले-देवगण! सम्पूर्ण जगत् के उपकार तथा धर्म, अर्थ एवं काम की स्थापना के लिये वाणी का सारभूत यह विचार यहाँ प्रकट किया गया। दण्ड-विधान के साथ रहने वाली यह नीति सम्पूर्ण जगत् की रक्षा करने वाली है। यह दुष्टों के निग्रह और साधु पुरुषों के प्रति अनुग्रह में तत्पर रहकर सम्पूर्ण जगत् में प्रचलित होगी। इस शास्त्र के अनुसार दण्ड के द्वारा जगत् का सन्मार्ग पर स्थापन किया जाता है अथवा राजा इसके अनुसार प्रजावर्ग में दण्ड़ की स्थापना करता है; इसलिये यह विद्या दण्डनीति के नाम से विख्यात हैं। इसका तीनों लोकों में विस्तार होगा। यह विद्या संधि-विग्रह आदि छहों गुणों का सारभूत हैं। महात्माओं में इसका स्थान सबसे आगे होंगा। इस शास्त्र में धर्मं, अर्थं, काम और मोक्ष-इन चारों पुरुषार्थों का निरूपण किया गया हैं। तदनन्तर सबसे पहले भगवान शंकर ने इस नीतिशास्त्र को ग्रहण किया। वे बहुरूप, विशालाक्ष, शिव, स्थाणु, उमापति आदि नामों सें प्रसिद्ध हैं।


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. पहला शत्रु राजा, दूसरा मित्र राजा, तीसरा शत्रु का मित्र राजा, चौथा मित्र का राज, पाँचवा शत्रु के मित्र का राजा छठा अपने पृष्ठभाग की रक्षा के लिए स्वयं उपस्थित हुआ राजा, सातवाँ शत्रु की सहायता एवं पृष्ठपोषण के लिये स्वंय उपस्थित राजा, आठवाँ अपने पक्ष में बुलाने पर आया हुआ राजा, नवाँ शत्रुपक्ष में बुलाने पर आया हुआ राजा, दसवाँ स्वयं विजयभिलाषी नरेश, ग्यारहवाँ अपने और शत्रु दोनों की ओर से मध्यस्थ राजा, बारहवाँ सबसे अधिक शक्तिशाली एवं उदासीन राजा- ये द्वादश राज मण्डल कहे गये है।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः