महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 17 श्लोक 17-24

सप्तदश (17) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: सप्तदश अध्याय: श्लोक 17-24 का हिन्दी अनुवाद


इस जगत् में ममता और आसक्ति के बन्धन को आमिष कहा गया है। सकाम कर्म भी आमिष कहलाता है। इन दोनों अमिषस्वरूप पापों से जो मुक्त हो गया है, वही परमपद को प्राप्त होता है। इस विषय में पूर्वकाल में राजा जनक की कही हुई एक गाथा का लोग उल्लेख किया करते हैं। राजा जनक समस्त द्वन्द्वों से रहित और जीवन्मुक्त पुरुष थे। उन्होंने मोक्षस्वरूप परमात्मतत्त्व का साक्षात्कार कर लिया था। (उनकी वह गाथा इस प्रकार है-) दूसरों की दृष्टि में मेरे पास बहुत धन है; परंतु उसमें से कुछ भी मेरा नहीं है। सारी मिथिला में आग लग जाय तो भी मेरा कुछ नहीं जलेगा। जैसे पर्वत चोटी पर चढ़ा मनुष्य धरती पर खड़े हुए प्राणियों को केवल देखता है, उनकी परिस्थिति से प्रभावित नहीं होता, उसी प्रकार बुद्धि की अट्टालिका पर चढ़ा हुआ मनुष्य उन शोक करने वाले मन्दबुद्धि लोगों को देखता है, किंतु स्वयं उनकी भाँति दुखी नहीं होता।

जो स्वयं दृष्टारूप से पृथक् रहकर इस दृष्य प्रपत्र को देखता है, वही आँख वाला है और वही बुद्धिमान है। अज्ञात तत्त्वों का ज्ञान एवं सम्यग् बोध कराने के कारण अन्त:करण की एक वृत्ति को बुद्धि कहते हैं। जो ब्रह्मभावकों को प्राप्त हुए शुद्धात्मा विद्वानों का-सा बोलना जान लेता है, उसे अपने ज्ञान पर बड़ा अभिमान हो जाता है (जैसे कि तुम हो)। जब पुरुष प्राणियों की पृथक्-पृथक्‌ सत्ता को एकमात्र परमात्मा में ही स्थित देखता है और उस परमात्मा से ही सम्पूर्ण भूतों का विस्तार हुआ मानता है, उस समय वह सचिदानन्दघन ब्रह्म को प्राप्त होता है। बुद्धिमान और तपस्वी ही उस गति को प्राप्त होते हैं। जो अज्ञानी, मन्दबुद्धि, शुद्धबुद्धि से रहित और तपस्या से शून्य हैं, वे नहीं; क्योंकि सब कुछ बुद्धि में ही प्रतिष्ठित है।


इस प्रकार श्रीमहाभारते शान्तिपर्व के अन्तर्गत राजधर्मानुशासन पर्व में युधिष्ठिर का वाक्य विषयक सत्ररहवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः