महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 141 श्लोक 68-78

एकचत्‍वारिंशदधिकशततम (141) अध्याय: शान्ति पर्व (आपद्धर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: एकचत्‍वारिंशदधिकशततम अध्याय: श्लोक 68-78 का हिन्दी अनुवाद

चाण्‍डाल ने कहा- मुने! इसे खाकर कोई बहुत बड़ी आयु नहीं प्राप्‍त कर सकता। न तो इससे प्राणशक्ति प्राप्‍त होती है और न अमृत के समान तृप्ति ही होती है; अत: आप कोई दूसरी भिक्षा माँगिये। कुत्‍ते का मांस खाने की ओर आप का मन नहीं जाना चाहिये। कुत्‍ता द्विजों के लिये अभक्ष्‍य है। विश्वामित्र बोले- श्‍वपाक! सारे देश में अकाल पड़ा है; अत: दूसरा कोई मांस सुलभ नहीं होगा, यह मेरी दृढ़ मान्‍यता है। मेरे पास धन नहीं है कि मैं भेाज्‍य पदार्थ खरीद सकूँ, इधर भूख से मेरा बुरा हाल है। मैं निराश्रय तथा निराश हूँ। मैं समझता हूँ कि मुझे इस कुत्‍ते के मांस में ही षड्रस भेाजन का आनन्‍द भलीभाँति प्राप्‍त होगा। चाण्‍डाल ने कहा- ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्‍य के लिये पाँच नखोंवाले पाँच प्रकार के प्राणी आपत्तिकाल में भक्ष्‍य बताये गये हैं। यदि आप शास्त्र को प्रमाण मानते हैं तो अभक्ष्‍य पदार्थ की ओर मन न ले जाइये।

विश्वामित्र बोले- भूखे हुए महर्षि अगस्‍त्‍य ने वातापि नामक असुर को खा लिया था। मैं तो क्षुधा के कारण भारी आपत्ति में पड़ गया हूँ; अत: यह कुत्‍ते की जाँघ अवश्‍य खाऊँगा। चाण्‍डाल ने कहा- मुने! आप दूसरी भिक्षा ले आइये। इसे ग्रहण करना आप के लिये उचित नहीं है। आपकी इच्‍छा हो तो यह कुत्‍ते की जाँघ ले जाइये; परंतु मैं निश्चित रूप से कहता हूँ कि आपको इसका भक्षण नहीं करना चाहिये। विश्वामित्र बोले- शिष्टपुरुष ही धर्म की प्रवृत्ति के कारण हैं। मैं उन्‍हीं के आचार का अनुसरण करता हूँ; अत: इस कुत्‍ते की जाँघ को मैं पवित्र भोजन के समान ही भक्षणीय मानता हूँ। चाण्‍डाल ने कहा- किसी असाधु पुरुष ने यदि कोई अनुचित कार्य किया हो तो वह सनातन धर्म नहीं माना जायेगा; अत: आप यहाँ न करने योग्‍य कर्म न कीजिये। कोई बहाना लेकर पाप करने पर उतारू न हो जाइये। विश्वामित्र बोले- कोई श्रेष्ठ ऋषि ऐसा कर्म नहीं कर सकता, जो पातक हो अ‍थवा जिसकी निन्‍दा की गयी हो। कुत्‍ते और मृग दोनों ही पशु होने के कारण मेरे मत में समान है; अत: मैं यह कुत्‍ते की जाँघ अवश्‍य खाऊँगा।

चाण्‍डाल ने कहा- महर्षि अगस्‍त्‍य ने ब्रह्मणों की रक्षा के लिये प्रार्थना की जाने पर वैसी अवस्‍था में वातापि का भक्षण रूप कार्य किया था (उनके वैसा करने से बहुत से ब्राह्मणों की रक्षा हो गयी; अन्‍यथा वह राक्षस उन सबको खा जाता; अत: महर्षि का वह कार्य धर्म ही था) धर्म वही है, जिसमें लेशमात्र भी पाप न हो। ब्राह्मण गुरुजन है; अत: सभी उपायों से उनकी एवं उनके धर्म की रक्षा करनी चाहिये। विश्वामित्र बोले- (यदि अगस्‍त्‍य ने ब्राह्मणों की रक्षा के लिये वह कार्य किया था तो मैं भी मित्र की रक्षा के लिये उसे करूँगा) यह ब्राह्मण का शरीर मेरा मित्र ही है। यही जगत में मेरे लिये परम प्रिय और आदरणीय है। इसी को जीवित रखने के लिये मैं यह कुत्‍ते की जाँघ ले जाना चाहता हूँ; अत: ऐसे नृशंस कर्मों से मुझे तनिक भी भय नहीं होता है। चाण्‍डाल ने कहा- विद्वन! अच्‍छे पुरुष अपने प्राणों का परित्‍याग भले ही कर दें, परंतु वे कभी अभक्ष्‍य-भक्षण का विचार नहीं करते हैं। इसी से वे अपनी सम्‍पूर्ण कामनाओं को प्राप्‍त कर लेते हैं; अत: आप भी भूख के साथ ही- उपवास द्वारा ही अपनी मन कामना की पूर्ति कीजिये।


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः