महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 139 श्लोक 92-107

एकोनचत्‍वारिंशदधिकशततम (139) अध्याय: शान्ति पर्व (आपद्धर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: एकोनचत्‍वारिंशदधिकशततम अध्याय: श्लोक 92-107 का हिन्दी अनुवाद

भूपाल! मैंने तुम्‍हारे पुत्र के साथ दुष्टतापूर्ण बर्ताव किया है, इसलिये मैं अब यहाँ रहने का सा‍हस नहीं कर सकती, दूसरी जगह चली जाऊँगी। दुष्टा भार्या, दुष्ट पुत्र, कुटिल राजा, दुष्ट मित्र, दूषित संबंध और दुष्ट देश को दूर से ही त्‍याग देना चाहिये। कुपुत्र पर कभी विश्‍वास नहीं हो सकता। दुष्टा भार्या पर प्रेम कैसे हो सकता है? कुटिल राजा के राज्‍य में कभी शान्ति नहीं मिल सकती और दुष्ट देश में जीवन-निर्वाह नहीं हो सकता। कुमित्र का स्‍नेह कभी स्थिर नहीं रह सकता, इसलिये उसके साथ सदा मेल बना रहे- यह असम्‍भव है और जहाँ दूषित संबंध हो, वहाँ स्‍वार्थ में अंतर आने पर अपमान होने लगता है। पत्‍नी वही अच्‍छी है, जो प्रिय वचन बोले। पुत्र वही अच्‍छा है, जिससे सुख मिले। चित्र वही श्रेष्ठ है, जिस पर विश्‍वास बना रहे और देश भी वही उत्‍तम है, जहाँ जीविका चल सके। उग्र शासन वाला राजा वही श्रेष्ठ है, जिसके राज्‍य में बलात्‍कार न हो, किसी प्रकार का भय न रहे, जो दरिद्र का पालन करना चाहता हो तथा प्रजा के साथ जिसका पाल्‍य-पालक संबंध सदा बना रहे। जिस देश का राजा गुणवान और धर्मपरायण होता है वहाँ स्त्री, पुत्र, मित्र संबंधी तथा देश सभी उत्‍तम गुण से संपंन्‍न होते हैं। जो राजा धर्म को नहीं जानता, उसके अत्‍याचार से प्रजा का नाश हो जाता है। राजा ही धर्म, अर्थ और काम-इन तीनों का मूल है। अत: उसे पूर्ण सावधान रहकर निरंतर अपनी प्रजा का पालन करना चाहिये। जो प्रजा की आय का छठा भाग कर रूप से ग्रहण करके उसका उपभोग करता है और प्रजा का भलीभाँति पालन नहीं करता, वह तो राजाओं में चोर है।

जो प्रजा को अभयदान देकर धन के लोभ से स्‍वयं ही उसका पालन नहीं करता, वह पाप बुद्धिराजा सारे जगत का पाप बटोर कर नरक में जाता है। जो अभयदान देकर प्रजा का धर्मपूर्वक पालन करते हुए स्‍वयं ही अपनी प्रतिज्ञा को सत्‍य प्रमाणित कर देता है वह राजा सब को सुख देने वाला समझा जाता है।

प्रजापति मनु ने राजा के सात गुण बताये हैं, और उन्‍हीं के अनुसार उसे माता, पिता, गुरु, रक्षक, अग्नि, कुबेर और यम की उपमा दी है। जो राजा प्रजा पर सदा कृपा रखता है, वह अपने राष्ट्र के लिये पिता के समान है। उसके प्रति जो मिथ्‍याभाव प्रदर्शित करता है, मनुष्‍य दूसरे जन्‍म में पशु-पक्षी की योनि में जाता है। राजा दीन-दु:खियों की भी सुधि लेता और सबका पालन करता है, इसलिये वह माता के समान है। अपने और प्रजा के अप्रियजनों को वह जलाता रहता है; अत: अग्नि के समान है और दुष्टों का दमन करके उन्‍हें संयम में रखता है; इसलिये यम कहा गया है। प्रियजनेां को खुले हाथ धन लुटाता है और उनकी कामना पूरी करता है, इसलिये कुबेर के समान है। धर्म का उपदेश करने के कारण गुरु और सबका संरक्षण करने के कारण रक्षक है। जो राजा अपने गुणों से नगर और जनपद के लोगों को प्रसन्‍न रखता है, उसका राज्‍य कभी डावांडोल नहीं होता क्‍योंकि वह स्‍वयं धर्म का निरंतर पालन करता रहता है।


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः