महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 130 श्लोक 42-50

त्रिंशदधिकशततम (130) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: त्रिंशदधिकशततम अध्याय: श्लोक 42-50 का हिन्दी अनुवाद

परंतप! इस प्रकार जो मनुष्‍य (प्रजा रक्षा के लिये किये जाने वाले) महान कोश के संग्रह में बाधा उपस्थित करते हैं, उनका वध किये बिना इस कार्य में मुझे सफलता होती नहीं दिखायी देती। धन से मनुष्‍य इहलोक और परलोक दोनों पर विजय पाता हैं तथा सत्य और धर्म का भी सम्‍पादन कर लेता हैं, परंतु निर्धन की इस कार्य में वैसी सफलता नहीं मिलती। उसका अस्तित्त्व नहीं के बराबर होता है। भरतनन्‍दन! यज्ञ करने के उदेश्‍य को लेकर सभी उपायों से धन का संग्रह करे; इस प्रकार करने और न करने योग्‍य कर्म बन जाने पर भी कर्ता को अन्‍य अवसरों के समान दोष नहीं लगता।

राजन! पृथ्‍वीनाथ! धन का संग्रह और उसका त्‍याग-ये दोनों एक व्‍यक्ति में एक ही साथ किसी तरह नहीं रह सकते; क्‍योंकि मैं वन में रहने वाले त्‍यागी महात्‍माओं को कहीं भी धन में बढ़ा-चढ़ा नहीं देखता। यहाँ इस पृथ्‍वी पर यह जो कुछ भी धन देखा जाता हैं, ‘यह मेरा हो जाय, यह मेरा हो जाय’, ऐसी ही अभिलाषा सभी लोगों को रहती है। परंतप! राजा के लिये राज्‍य की रक्षा के समान दूसरा कोई धर्म नहीं है। अभी जिस धर्म की चर्चा की गयी है, वह केवल राजाओं के लिये आपत्ति काल में ही आचरण में लाने योग्‍य है; अन्‍यथा नहीं। कुछ लोग दान से, कुछ लोग यज्ञकर्म करने से, कुछ तपस्‍वी तपस्या करने से, कुछ लोग बुद्धि से और अन्‍य बहुत-से मनुष्‍य कार्य कौशल से धनराशी प्राप्‍त कर लेते हैं। निर्धन को दुर्बल कहा जाता है। धन से मनुष्‍य बलवान होता है। धनवान को सब कुछ सुलभ है। जिसके पास खजाना है, वह सारे संकटों से पार हो जाता है। धन-संचय से ही धर्म, काम, लोक तथा परलोक की सिद्धि होती है। उस धन को धर्म से ही पाने की इच्‍छा करे, अधर्म से कभी नहीं।

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्व के अन्‍तगर्त राजधर्मानुशासनपर्व में एक सौ तीसवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः