महाभारत वन पर्व अध्याय 84 श्लोक 97-119

चतुरशीतितम (84) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: चतुरशीतितम अध्याय: श्लोक 97-119 का हिन्दी अनुवाद


बहुत-से पुत्रों की इच्छा करे। सम्भव है, उनमें से एक भी गया में जाये या अश्वमेध यज्ञ करे अथवा नील वृष का उत्सर्ग ही करे। राजन्! नरेश्वर! तदनन्तर तीर्थसेवी मानव फल्गुतीर्थ में जाये। वहाँ जाने से उसे अश्वमेध का फल मिलता है और बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त होती है। महाराज! तदनन्तर एकाग्रचित्त हो मनुष्य धर्मप्रस्थ की यात्रा करे। युधिष्ठिर! वहाँ धर्मराज का नित्य निवास है। वहाँ कुएं का जल लेकर उससे स्नान करके पवित्र देवताओं और पितरों का तर्पण करने से मनुष्य के सारे पाप छूट जाते हैं और वह स्वर्गलोक में जाता है। वहीं भावितात्मा महर्षि मतंग का आश्रम है। श्रम और शोक का विनाश करने वाले उस सुन्दर आश्रम में प्रवेश करने से मनुष्य गवायन यज्ञ का फल पाता है। वहाँ धर्म के निकट जा उनके श्रीविग्रह का दर्शन और स्पर्श करने से अश्वमेध का फल प्राप्त होता है।

राजेन्द्र! तदनन्तर परम उत्तम ब्रह्मस्थान को जाये। महाराज! पुरुषोत्तम! वहाँ ब्रह्मा जी के समीप जाकर मनुष्य राजसूय और अश्वमेध यज्ञों का फल पाता है। नरेश्वर! तदनन्तर तीर्थसेवी मनुष्य राजगृह को जाये। वहाँ स्नान करके वह कक्षीवान् के समान प्रसन्न होता है। उस तीर्थ में पवित्र होकर पुरुष यक्षिणी देवी का नैवेद्य भक्षण करे। यक्षिणी के प्रसाद से वह ब्रह्महत्या से मुक्त हो जाता है। तदनन्तर मणिनाग तीर्थ में जाकर तीर्थयात्री सहस्र गोदान का फल प्राप्त करे। भरतनन्दन! जो मणिनाग का तीर्थप्रसाद (नैवेद्य चरणामृत आदि) का भक्षण करता है, उसे सांप काट ले तो भी उस पर विष का असर नहीं होता। वहाँ एक रात रहने से सहस्र गोदान का फल मिलता है। तत्पश्चात् ब्रह्मर्षि गौतम के प्रिय वन की यात्रा करे। वहाँ अहल्याकुण्ड में स्नान करने से मनुष्य परमगति को प्राप्त होता है। राजन्! गौतम के आश्रय में जाकर मनुष्य अपने लिये लक्ष्मी प्राप्त कर लेता है।

धर्मज्ञ! वहाँ एक त्रिभुवनविख्यात कूप है, जिसमें स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ का फल प्राप्त होता है। राजर्षिजन का एक कूप है, जिसका देवता भी सम्मान करते हैं। वहाँ स्नान करने से मनुष्य विष्णुलोक में जाता है। तत्पश्चात् सब पापों से छुड़ाने वाले विनशन तीर्थ को जाये, जिससे मनुष्य वाजपेय यज्ञ का फल पाता और सोमलोक को जाता है। गण्डकी नदी सब तीर्थों के जल से उत्पन्न हुई है। वहाँ जाकर तीर्थयात्री अश्वमेध यज्ञ का फल पाता और सूर्यलोक में जाता है। तत्पश्चात् त्रिलोकी में विख्यात विशल्या नदी के तट पर जाकर स्नान करे। इससे वह अग्निष्टोम यज्ञ का फल पाता और स्वर्गलोक में जाता है।

धर्मज्ञ महाराज! तदनन्तर वंगदेशीय तपोवन में प्रवेश करके तीर्थयात्री इस शरीर के अन्त में गुह्यकलोक में जाकर निःसन्देह आनंद का भागी होता है। तत्पश्चात् सिद्धसेवित कम्पना नदी में पहुँचकर मनुष्य पुण्डरीक यज्ञ का फल पाता और स्वर्गलोक में जाता है। राजन्! तत्पश्चात् माहेश्वरी धारा की यात्रा करने से तीर्थयात्री को अश्वमेध यज्ञ का फल मिलता है और वह कुल का उद्धार कर देता है। नरेश्वर! फिर देवपुष्करिणी में जाकर मानव कभी दुर्गति में नहीं पड़ता और अश्वमेध यज्ञ का फल पाता है। तदनन्तर ब्रह्मचर्यपालनपूर्वक एकाग्रचित्त हो सोमपद तीर्थ में जाये। वहाँ माहेश्वर पद में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ का फल मिलता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः