सप्तचत्वारिंश (47) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: सप्तचत्वारिंश अध्याय: श्लोक 44-67 का हिन्दी अनुवाद
इन महामना वीरों के फैलाये हुए अनेक रूपरंग के विचित्र धनुष बादलों में बिजलियों के समान दृष्टिगोचर हो रहे थे। उन सबने श्वेत के मस्तक पर बाणों की वर्षा आरम्भ कर दी, मानो ग्रीष्म ऋतु के अन्त में वायु द्वारा उठाये हुए मेघ पर्वत पर जल बरसा रहे हो। उस समय महान् धनुर्धर सेनापति श्वेत ने कुपित होकर तेज किये हुए भल्ल नामक सात बाणों द्वारा उन सातों रथियों के धनुष काटकर उनके टुकडे़-टुकडे़ कर दिये। भारत! वे सातों धनुष कट जाने पर ही दृष्टि में आये। तदनन्तर उन सबने आधे निमेष में ही दूसरे धनुष ले लिये और श्वेत के ऊपर एक ही साथ सात बाण चलाये। तब अमेय आत्मबल से युक्त महाबाहु श्वेत ने पुनः शीघ्रगामी सात भल्ल मारकर उन धनुर्धरों के धनुष काट दिये। अपने विशाल धनुषों के कट जाने पर उन सातों महारथियों ने बड़ी उतावली के साथ रथ-शक्तियां उठा ली और भयंकर गर्जना की। भरतश्रेष्ठ! वे सातों शक्तियां प्रज्वलित हो देवराज इन्द्र के वज्र की भाँति भयंकर शब्द करती हुई श्वेत के रथ की ओर एक साथ चली। परंतु श्वेत उत्तम अस्त्रों के ज्ञाता थे। उन्होंने सात भल्ल मारकर अपने निकट आने से पहले ही उन शक्तियों के टुकडे़-टुकडे़ कर दिये। भरतश्रेष्ठ! तत्पश्चात् श्वेत ने सबकी काया को विदीर्ण कर देने वाले एक बाण को लेकर उसे रुक्मरथ की ओर चलाया। वज्र से भी अधिक प्रभावशाली वह महान् बाण रुक्त-रथ के शरीर पर जा गिरा। राजन्! उस बाण से अत्यन्त घायल होकर रुक्मरथ अपने रथ के पिछले भाग पर बैठ गया और अत्यन्त मूर्च्छित हो गया। उसे अचेत और अनमना देख सारथी तनिक भी घबराहट में न पड़कर अत्यंत उतावली के साथ सबके देखते-देखते रणभूमि में दूर हटा ले गया। तब महाबाहु श्वेत ने दूसरे स्वर्णभूषित छः बाण लेकर उन छहों रथियों के ध्वज के अग्रभाग काट गिराये। परंतप! फिर उसके घोड़ों और सारथियों को विदीर्ण करके उनके शरीर में भी बहुत-से बाण जड़ दिये। इसके बाद श्वेत ने शल्य के रथ पर धावा किया। भारत! तब सेनापति श्वेत को शीघ्रतापूर्वक शल्य के रथ की ओर जाते देख आपकी सेनाओं में हाहाकार मच गया। तब आपके महाबली पुत्र दुर्योधन ने भीष्मजी को आगे करके सम्पूर्ण सेना के साथ श्वेत के रथ पर चढ़ाई की और मृत्यु के मुख में पहुँचे हुए मद्रराज शल्य को छुड़ा लिया। तदनन्तर आपके और पाण्डवों के सैनिक में अत्यन्त भयंकर रोमांचकारी युद्ध होने लगा। रथ से रथ और हाथी से हाथी गुंथ गये। पाण्डव पक्ष की ओर से सुभद्राकुमार अभिमन्यु, भीमसेन, महारथी सात्यकि, कैकय-राजकुमार, राजा विराट तथा द्रुपद-पुत्र धृष्टद्युम्न- ये पुरुषसिंह और चेदि एवं मत्स्यदेश के क्षत्रिय युद्ध कर रहे थे कुरुकुल के वृद्ध पुरुष पितामह भीष्म ने इन सब पर बाणों की वर्षा प्रारम्भ कर दी।
इस प्रकार श्रीमहाभारत भीष्मपर्व के अन्तर्गत भीष्मवध पर्व श्वेतयुद्धविषयक सैतालिसवां अध्याय पूरा हुआ।
|
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज