महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 44 श्लोक 20-30

चतुश्चत्वारिंश (44) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: चतुश्चत्वारिंश अध्याय: श्लोक 20-30 का हिन्दी अनुवाद


उस प्रथम संग्राम में जब भयानक धनुषों की टंकार तथा ताल ठोकने की आवाज हो रही थी, आपके तथा पाण्डवों के दल में भी कोई युद्ध से विमुख नहीं हुआ। भरतश्रेष्ठ! उस समय मैंने द्रोणाचार्य के उन शिष्यों की फुर्ती देखी। वे बड़ी तीव्र गति से बाण छोड़ते और लक्ष्यों को बींध डालते थे। वहाँ टंकार करते हुए धनुषों के शब्द कभी शांत नहीं होते थे। आकाश से नक्षत्रों के समान उन धनुषों से चमकीले बाण प्रकट हो रहे थे। भरतनन्दन! दूसरे सब राजा लोग उस कुटुम्बीजनों के भयंकर दर्शनीय संग्राम को दर्शक की भाँति देखने लगे।

राजन्! बाल्यावस्था में वे सभी एक दूसरे का अपराध कर चुके थे। सबका स्मरण हो आने से वे सभी महारथी रोष में भर गये और एक दूसरे के प्रति स्पर्धा रखने के कारण युद्ध में विजयी होने के लिये विशेष परिश्रम करने लगे। हाथी, घोडे़ और रथों से भरी हुई कौरव-पाण्डवों की वे सेनाएं पट पर अंकित हुई चित्रमयी सेनाओं की भाँति उस रण-भूमि में विशेष शोभा पा रही थी। तदनन्तर आपके पुत्र दुर्योधन की आज्ञा से अन्य सब राजा भी हाथ में धनुष-बाण लिये सेनाओं सहित वहाँ आ पहुँचे।

इसी प्रकार युधिष्ठिर की आज्ञा पाकर सहस्रों नरेश गर्जना करते हुए आपके पुत्र की सेना पर टूट पड़े। उन दोनों सेनाओं का वह संघर्ष अत्यन्त दुःसह था। सेना की धूल से आच्छादित हो सूर्यदेव अदृश्य हो गये। कुछ लोग युद्ध करते, कुछ भागते और भागकर फिर लौट आते थे। इस बात में अपने और शत्रुपक्ष के सैनिकों में कोई अन्तर नहीं दिखाई देता था। जिस समय वह अत्यंत भयानक तुमूल युद्ध छिड़ा हुआ था, उस समय आपके ताऊ भीष्म जी उन समस्त सेनाओं से ऊपर उठकर अपने तेज से प्रकाशित हो रहे थे।


इस प्रकार श्रीमहाभारत भीष्मपर्व के अन्तर्गत भीष्मवधपर्व में युद्ध का आरम्भविषयक चौवालीसवां अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः