महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 102 श्लोक 21-39

द्वîधिकशततम (102) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: द्व्यधिकशततम अध्याय: श्लोक 21-39 का हिन्दी अनुवाद


नरेश्वर! द्रोणाचार्य के द्वारा युद्ध में पर्वतास्त्र का प्रयोग होने पर वायु शान्त और सम्पूर्ण दिशाएँ स्वच्छ हो गयी। तब वीरवर पाण्डुपुत्र अर्जुन ने त्रिगर्तराज के रथसमूहों को उत्साहरहित एवं पराक्रमशून्य करके उन्हें युद्ध से विमुख कर दिया। तब रथियों में श्रेष्ठ कृपाचार्य, दुर्योधन, अश्वत्थामा, शल्य, काम्बोजराज सुदक्षिण, अवन्ती के राजकुमार विन्द और अनुविन्द तथा बाह्लीकदेशीय सैनिकों के साथ राजा बाह्लीक इन सबने रथियों की विशाल सेना साथ लेकर उसके द्वारा पार्थ की सम्पूर्ण दिशाओं को अर्थात उनके सभी भागों को रोक दिया।

उसी प्रकार भगदत्त तथा महाबली श्रुतायु ने हाथियों की सेना द्वारा भीमसेन की सम्पूर्ण दिशाओं को रोक लिया। प्रजानाथ! भूरिश्रवा, शल और शकुनि ने तीखे और चमकीले बाण समूहों की वर्षा करके माद्रीकुमार नकुल और सहदेव को रोका। भीष्म सैनिकों सहित आपके पुत्रों के साथ संगठित होकर युद्ध में राजा युधिष्ठिर के पास जाकर उन्हें सब ओर से घेर लिया। हाथियों की सेना को आते देख वीर कुन्तीकुमार भीमसेन जैसे वन में सिंह अपने जबड़ों को चाटता है, उसी प्रकार मुँह के दोनों कोनों को चाटने लगे। गदा हाथ में लिये हुए भीमसेन को देखकर उन गजारोही सैनिकों ने उन्हें यत्नपूर्वक चारों ओर से घेर लिया।

उस गजसेना के बीच में पड़े हुए पाण्डुनन्दन भीमसेन महान मेघ-समूह के मध्य में स्थित हुए सूर्य के समान प्रकाशित होने लगे। पाण्डव श्रेष्ठ भीमसेन ने अपनी गदा की चोट से सारी गज सेनाओं को उसी प्रकार नष्ट कर दिया, जैसे वायु महान मेघों की सब और फली हुई अनुपम घटा को छिन्न-भिन्न कर देती है। महाबली भीमसेन की गदा से आहत हुए दन्तार हाथी युद्ध स्थल में गरजते हुए मेघों के समान आर्तनाद करने लगे। हाथियों के दाँतों से अनेक बाद विदीर्ण हुए भीमसेन युद्ध के मुहाने पर खिले हुए अशोक के समान शोभा पा रहे थे।

उन्होंने किसी दन्तार हाथी का दाँत पकड़कर उखाड़ लिया और उस हाथी को दन्तहीन बना दिया। फिर उसी दाँत के द्वारा उसके कुम्भस्थल में प्रहार करके दण्डधारी यमराज की भाँति समरांगण में उसे मार गिराया। खून से रँगी हुई गदा लेकर मेदा और मज्जा के लेप से अपनी शोभा बिगाड़कर रक्त का उबटन लगाये हुए भीमसेन भगवान रुद्र के समान दिखायी दे रहे थे। राजन! इस प्रकार भीमसेन की मार खाकर मरने से बचे हुए महान गज अपनी ही सेना को रौंदते हुए सम्पूर्ण दिशाओं में भागने लगे। भरतश्रेष्ठ! सब ओर भागते हुए उन महान गजराओं के साथ ही दुर्योधन की सारी सेना युद्धभूमि से विमुख हो चली।


इस प्रकार श्रीमहाभारत भीष्मपर्व के अन्तर्गत भीष्मवधपर्व में भीमपराक्रमविषयक एक सौ दोवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः