महाभारत द्रोण पर्व अध्याय 129 श्लोक 20-41

एकोनत्रिंशदधिकशतकम (129) अध्याय: द्रोण पर्व (जयद्रथवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: द्रोण पर्व: एकोनत्रिंशदधिकशतकम अध्याय: श्लोक 20-41 का हिन्दी अनुवाद

तदनन्तर कर्ण ने बीस बाणों से भीमसेन को गहरी चोट पहुँचायी। फिर तुरंत ही उनके सारथि को पाँच बाणों से बींध डाला। तब शीघ्रता करने वाले महायशस्वी भीमसेन ने भी हँसकर चौंसठ बाणों द्वारा रणभूमि में कर्ण पर आक्रमण किया। राजन! फिर महाधनुर्धर कर्ण ने चार बाण चलाये। परंतु भीमसेन ने अपने हाथ की फुर्ती दिखाते हुए झुकी हुई गाँठ वाले अनेक बाणों द्वारा अपने पास आने के पहले ही कर्ण के बाणों के टुकड़े-टुकड़े कर दिये। तब कर्ण ने अनेकों बार बाण समूहों की वर्षा करके भीमसेन को आच्छादित कर दिया। कर्ण के द्वारा बारंबार आच्छादित होते हुए पाण्डु नन्दन महारथी भीम ने कर्ण के धनुष को मुट्ठी पकड़ने की जगह से काट दिया और झुकी हुई गाँठ वाले बहुत से बाणों द्वारा उसे घायल कर दिया। तत्पश्चात भयंकर कर्म करने वाले महारथी सूतपुत्र कर्ण ने दूसरा धनुष लेकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ायी और समरभूमि में भीमसेन को घायल कर दिया। तब भीमसेन को बड़ा क्रोध हुआ। उन्होंने वेग पूर्वक सूत पुत्र की छाती मे झुकी हुई गाँठ वाले तीन बाण धँसा दिये। भरतश्रेष्ठ! ठीक छाती के बीच में गड़े हुए उन बाणों द्वारा कर्ण तीन शखरों वाले ऊँचे पर्वत के समान सुशोभित हुआ। उन उत्तम बाणों से बिंधे हुए कर्ण की छाती से बहुत रक्त गिरने लगा, मानो धातु की धाराएँ बहाने वाले पर्वत से गैरिक धातु (गेरु) प्रवाहित हो रहा हो। उस गहरे प्रहार से पीड़ित हो कर्ण कुछ विचलित हो उठा। फिर धनुष को कान तक खींचकर उसने अनेक बाणों द्वारा भीमसेन को बींध डाला। तत्पश्चात उन पर पुनः सैंकड़ों और हजारों बाणों का प्रहार किया। सुदृढ़ धनुर्धर कर्ण के बाणों से पीड़ित हो भीमसेन ने एक क्षुर के द्वारा तुरंत ही उनके धनुष की प्रत्यन्चा काट दी। साथ ही उसके सारथि को एक भल्ल से मारकर रथ की बैठक से नीचे गिरा दिया। इतना ही नहीं , महारथी भीम ने उसके चारों घोड़ों के भी प्राण ले लिये।

प्रजानाथ! उस समय कर्ण भय के मारे उस अश्वहीन रथ से कूदकर तुरंत की वृषसेन के रथ पर जा बैठा। इस प्रकार बलवान एवं प्रतापी भीमसेन ने रणभूमि में कर्ण को पराजित करके मेघ गर्जना के समान गम्भीर स्वर से सिंहनाद किया। भीमसेन का वह महान सिंहनाद सुनकर उनके द्वारा युद्ध में कर्ण को पराजित हुआ जान राजा युधिष्ठिर बड़े प्रसन्न हुए। उस समय पाण्डव सेना सब ओर शंखनाद करने लगी। शत्रु सेना की शंख ध्वनि सुनकर आपके सैनिक भी जोर-जोर से गर्जना करने लगे। राजा युधिष्ठिर ने युद्ध स्थल में हर्ष के कारण अपनी सेना को शंख और बाणों की ध्वनि तथा हर्षनाद से व्याप्त कर दिया। इसी समय अर्जुन ने गाण्डीव धनुष की टंकार की और भगवान श्रीकृष्ण ने पांचजन्य शंख बजाया। परंतु उसकी ध्वनि को तिरोहित करके गरजते हुए भीमसेन का भयंकर सिंहनाद सम्पूर्ण सेनाओं में सुनायी देने लगा।

तदनन्तर वे दोनों वीर एक दूसरे पर पृथक-पृथक सीधे जाने वाले बाणों का प्रहार करने लगे। राधा नन्दन कर्ण मृदुता पूर्वक बाण चलाता था और पाण्डु नन्दन भीमसेन कठोरता पूर्वक। महाराज! कुन्ती पुत्र भीमसेन के द्वारा कर्ण को बहु संख्यक बाणों से पीड़ित हुआ देख, दुर्योधन ने दु:शल से कहा- ‘दु:शल! देखो, कर्ण संकट में पड़ा है। तुम शीघ्र उसके लिये रथ प्रस्तुत करो’। राजा के ऐसा कहने पर दु:शल कर्ण के पास दौड़ा गया; फिर महारथी कर्ण दुःशल के रथ पर आरूढ़ हो गया। इसी समय भीमसेन ने सहसा जाकर दस बाणों से उन दोनों को घायल कर दिया। तत्पश्चात पुनः कर्ण पर आघात किया और दुःशल का सिर काट लिया।

इस प्रकार श्रीमहाभारत द्रोणपर्व के अन्तर्गत जयद्रथ वध पर्व में भीमसेन का प्रवेश और कर्ण की पराजय विषयक एक सौ उनतीसवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः