महाभारत कर्ण पर्व अध्याय 84 श्लोक 37-42

चतुरशीतितम (84) अध्याय: कर्ण पर्व

Prev.png

महाभारत: कर्ण पर्व: चतुरशीतितम अध्याय: श्लोक 37-42 का हिन्दी अनुवाद

इससे महामनस्वी वीर वृषसेन को बड़ा क्रोध हुआ। वह एक रथ पर एकत्र हुए उन महारथी पाण्डुकुमारों को बाणों द्वारा विदीर्ण करता हुआ उन दोनों पर बाणसमूहों की वर्षा करने लगा। जब पाण्डुपुत्र नकुल का वह रथ नष्ट हो गया और बाणों द्वारा उनकी तलवार शीघ्रतापूर्वक काट दी गयी, तब दूसरे कौरव वीर भी संगठित हो निकट जाकर उन दोनों को बाणों की वर्षा से चोट पहुँचाने लगे। तब वृषसेन पर कुपित हुए पाण्डवपुत्र भीमसेन और अर्जुन घी की आहुति पाकर प्रज्वलित हुए दो अग्नियों के समान प्रकाशित होने लगे। उन दोनों ने अपने आस-पास एकत्र हुए कौरव सैनिकों पर अत्यन्त घोर बाण वर्षा आरम्भ कर दी।

तदनन्तर वायु पुत्र भीमसेन ने अर्जुन से कहा- देखो, यह नकुल वृषसेन से पीड़ित हो गया है। कर्ण का यह पुत्र हमें बहुत सता रहा है, अतः तुम इस कर्णपुत्र पर आक्रमण करो। भीमसेन के रथ के समीप आकर जब किरीटधारी अर्जुन उनकी बात सुनकर जाने लगे, तब नकुल ने भी पास आये हुए वीर अर्जुन की ओर देखकर उनसे कहा-भैया! आप इस वृषसेन को शीध्र मार डालिये। युद्ध में सामने आये हुए भाई नकुल के ऐसा कहने पर किरीटधारी अर्जुन ने भगवान श्रीकृष्ण के द्वारा काबू में किये हुए कपिध्वज रथ को सहसा वृषसेन की ओर तीव्र वेग से हांक दिया।

इस प्रकार श्रीमहाभारत कर्णपर्व में वृषसेन का युद्ध और नकुल की पराजय विषयक चौरासीवां अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः