महाभारत उद्योग पर्व अध्याय 51 श्लोक 52-61

एकपंचाशत्‍तम (51) अध्‍याय: उद्योग पर्व (यानसंधि पर्व)

Prev.png

महाभारत: उद्योग पर्व: एकपंचाशत्‍तम अध्याय: श्लोक 52-61 का हिन्दी अनुवाद
  • जो लोग पाण्‍डवों से युद्ध करना चाहते हैं, उन सबके लिये मुझे बड़ा शोक हो रहा है। विदुर ने पहले ही उच्च स्वर से जिसकी घोषणा की थी, वही यह भय आज आ पहुँचा है। (52)
  • संजय! मुझे तो ऐसा मालूम होता है कि ज्ञान दु:ख का नाश नहीं कर सकता, अपितु प्रबल दु:ख ही ज्ञान का भी नाश करने वाला बन जाता है। (53)
  • जीवन्मुक्त महर्षि भी लोक व्यवहार की ओर दृष्टि रखकर सुख के साधनों से सुखी और दु:ख से दुखी होते हैं। (54)
  • फिर जो पुत्र, राज्य, पत्नी, पौत्र तथा बन्धु-बान्धवों में जहाँ-तहाँ सहस्रों प्रकार से मोहवश आसक्त हो रहा है, उसकी तो बात ही क्या है? (55)
  • इस महान संकट के विषय में मैं क्या उचित प्रतीकार कर सकता हूँ? मुझे तो बार-बार विचार करने पर कौरवों का विनाश ही दिखायी पड़ता है। (56)
  • द्यूतक्रीड़ा आदि की घटनाएं ही कौरवों पर भारी विपत्ति लाने का कारण प्रतीत होती हैं। ऐश्वर्य की इच्छा रखने वाले मूर्ख दुर्योधन ने लोभवश यह पाप किया है। (57)
  • मैं समझता हूँ कि अत्यन्त तीव्र गति से चलने वाले काल का ही यह क्रमश: प्राप्त होने वाला नियम है। इस कालचक्र में उसकी नेमि के समान मैं जुड़ा हुआ हूँ, अत: मेरे लिये इससे दूर भागना सम्भव नहीं है। (58)
  • संजय! क्या करूं, कैसे करूं और कहाँ चला जाऊं? ये मूर्ख कौरव काल के वशीभूत होकर नष्‍ट होना चाहते हैं। (59)
  • तात! मेरे सौ पुत्र यदि युद्ध में मारे गये, तब विवश होकर मैं इनकी अनाथ स्त्रियों का करुण-क्रन्दन सुनूंगा। हाय! मेरी मृत्यु किस प्रकार हो सकती है? (60)
  • जैसे गर्मी में प्रज्वलित हुई अग्नि हवा का सहारा पाकर घास-फूस एवं जंगल को भी जलाकर भस्म कर देती है, उसी प्रकार अर्जुन सहित पाण्‍डुनन्दन भीम गदा हाथ में लेकर मेरे सब पुत्रों को मार डालेगा। (61)

इस प्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्व के अन्तर्गत यानसंधिपर्व में धृर्तराष्‍ट्रवाक्यविषयक इक्यावनवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः